औरंगाबाद : महावीर मंदिर की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप, मापी नहीं होने से ग्रामीण नाराज; अंचल कार्यालय में की शिकायत
औरंगाबाद के दाउदनगर प्रखंड अंतर्गत महावर गांव के ग्रामीण महावीर मंदिर के समीप कथित अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर अंचल कार्यालय पहुंचे. ग्रामीणों ने शनिवार को तय समय पर मापी के लिए कर्मचारी नहीं पहुंचने का आरोप लगाया तथा मुखिया व सरपंच की अनुशंसा के साथ जल्द कार्रवाई की मांग की है.
Aurangabad News : महावीर मंदिर के समीप कथित अतिक्रमण की मापी कराने एवं अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर दाउदनगर प्रखंड के महावर वार्ड संख्या पांच के ग्रामीण अंचल कार्यालय पहुंचे. ग्रामीण अंचलाधिकारी से मिलकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग करने पहुंचे थे.
ग्रामीणों का कहना था कि लगभग एक सप्ताह पूर्व अंचल कार्यालय में आवेदन देकर महावर स्थित महावीर मंदिर के समीप से अतिक्रमण हटाने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है.
मंदिर की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दो भाइयों द्वारा कथित तौर पर महावीर मंदिर की जमीन पर अतिक्रमण कर लिया गया है. उनका कहना था कि उक्त मंदिर में ग्रामीण पिछले करीब 50 वर्षों से पूजा-पाठ करते आ रहे हैं.
अतिक्रमण के कारण मंदिर में पूजा करने जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने अंचल कार्यालय से स्थल की मापी कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने की मांग की है.
शनिवार को मापी के लिए नहीं पहुंचने का आरोप
ग्रामीण मनोज कुमार ने बताया कि महावीर मंदिर में ग्रामीण कई वर्षों से पूजा-पाठ करते आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि अंचल कार्यालय की ओर से मापी के लिए शनिवार का समय दिया गया था.
ग्रामीण मापी कराने के लिए निर्धारित समय पर पहुंचे, लेकिन मापी के लिए कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा, न ही अंचल कार्यालय की ओर से किसी प्रकार की सूचना दी गई. इसके बाद ग्रामीण अपनी शिकायत लेकर अंचल कार्यालय पहुंचे.
मुखिया व सरपंच की अनुशंसा
ग्रामीणों के आवेदन पर महावर पंचायत के मुखिया रमेश प्रसाद एवं सरपंच अर्जुन प्रसाद ने भी उचित कार्रवाई करने की अनुशंसा की है.
ग्रामीणों के साथ लोजपा (रामविलास) के प्रखंड कार्यकारी अध्यक्ष धीरज कुमार पासवान, लोजपा नेता रमेश पासवान एवं भाजपा नेता अनूप मनोहर भी अंचल कार्यालय पहुंचे.
ग्रामीणों की उपस्थिति और सीओ का पक्ष
अंचल कार्यालय पहुंचने वाले ग्रामीणों में निराला चौधरी, जयप्रकाश चौधरी, सुरेंद्र राम, मुन्ना पासवान, रामप्रवेश पासवान, मनोज पासवान, विकास चौधरी, गजेंद्र कुमार, रामाशीष पासवान, जितेंद्र कुमार, दीपेंद्र पासवान, सोनू कुमार सहित अन्य शामिल रहे. इस संबंध में अंचलाधिकारी का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल पर फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए