कटोरिया अस्पताल में एएनएम ने असहाय वृद्धा को अपने हाथों से खिलाया भोजन, वीडियो ने जीता लोगों का दिल

Updated:
विज्ञापन
वृद्ध महिला को खाना खिलाती एएनएम बसंती प्रिया

वृद्ध महिला को खाना खिलाती एएनएम बसंती प्रिया

कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक 70 वर्षीय लावारिस वृद्धा की सेवा में एएनएम बसंती प्रिया ने मानवता की मिसाल पेश की. उन्होंने भूखी वृद्धा को अपने हाथों से भोजन खिलाया, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है. यह घटना स्वास्थ्यकर्मियों की सेवा भावना को दर्शाती है.

विज्ञापन

कटोरिया (बांका). कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती एक 70 वर्षीय असहाय वृद्ध महिला की देखभाल करते हुए एएनएम बसंती प्रिया का मानवीय चेहरा सामने आया है. उन्होंने कमजोर और भूखी वृद्धा को अपने हाथों से भोजन खिलाया. इस दौरान बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन इसे लेकर लोगों के बीच एएनएम की सेवा भावना की खूब चर्चा हो रही है.

जमुई से भटककर कटोरिया पहुंची थी वृद्ध महिला

जानकारी के अनुसार जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र के महादेव सिमरिया गांव निवासी 70 वर्षीय रूद्रा देवी पिछले तीन दिनों से भटकते हुए कटोरिया पहुंच गई थीं. बंगालगढ़ गांव के समीप उन्हें लावारिस अवस्था में देख डायल-112 पुलिस टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू किया और इलाज के लिए कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया.

कमजोरी और भूख से थी परेशान

अस्पताल पहुंचने के समय वृद्ध महिला काफी कमजोर और भूखी थी. यह देखकर एएनएम बसंती प्रिया ने केवल चिकित्सकीय जिम्मेदारी निभाने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि अपने हाथों से उन्हें भोजन खिलाया और लगातार उनकी देखभाल करती रहीं. इसी दौरान किसी ने उनका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

परिजनों के आने तक अस्पताल ने निभाई जिम्मेदारी

अस्पताल प्रशासन ने वृद्ध महिला का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया. परिजनों के पहुंचने तक अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने उनकी देखभाल की. बाद में परिजन अस्पताल पहुंचे और उन्हें अपने साथ घर ले गए.

सेवा भावना की हो रही सराहना

स्थानीय लोगों ने एएनएम बसंती प्रिया की संवेदनशीलता और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवा केवल दवा देने तक सीमित नहीं होती, बल्कि मरीज के प्रति अपनापन और मानवीय व्यवहार भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है. लोगों का कहना है कि ऐसे कार्य समाज के लिए प्रेरणा हैं.

मानवता का बना संदेश

यह घटना इस बात का उदाहरण है कि सरकारी अस्पतालों में आज भी कई ऐसे स्वास्थ्यकर्मी कार्यरत हैं, जो अपने कर्तव्य के साथ-साथ मानवता की भी मिसाल पेश कर रहे हैं. वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन यह घटना सेवा, करुणा और इंसानियत के संदेश के रूप में लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.


विज्ञापन
दीपक चौधरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन