जनगणना 2027 की तैयारी में जुटा शंभुगंज प्रशासन, 59 कर्मी करेंगे गांवों का डिजिटल सर्वे

जनगणना कार्य को लेकर बैठक का | Prabhat Khabar Network
भारत जनगणना 2027 के लिए बैंक में तैयारियां जोरों पर हैं. 59 कर्मी 186 राजस्व ग्रामों का डिजिटल सर्वे करके गांवों की सामाजिक, आर्थिक और बुनियादी संरचना का आकलन करेंगे. इस महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
Banka News: शंभुगंज प्रखंड में भारत जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. प्रखंड कार्यालय सभागार में चार्ज पदाधिकारी सह बीडीओ प्रभात केसरी की अध्यक्षता में डीसीएचबी (District Census Handbook) कर्मियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनगणना से पहले होने वाले आधारभूत सर्वेक्षण, समय-सीमा, डिजिटल डेटा संग्रहण और विभिन्न विभागों के समन्वय पर विस्तृत चर्चा की गई.
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना 2027 केवल जनसंख्या की गणना नहीं है, बल्कि गांवों और शहरों की वास्तविक सामाजिक, आर्थिक और बुनियादी संरचना का व्यापक आकलन भी है. इसलिए प्रत्येक कर्मी को जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ सर्वेक्षण कार्य पूरा करना होगा.
कई विभागों के अधिकारी बैठक में रहे मौजूद
बैठक में अपर चार्ज पदाधिकारी सह प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी बाल कुमार सिंह, स्वास्थ्य प्रबंधक अमित कुमार पंकज, जीविका बीपीएम छत्रधारी रजक, लघु जल संसाधन विभाग के जेई वीरेंद्र कुमार, बिजली विभाग की टीजी-3 जान्हवी सहित कई विभागों के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.
बैठक का मुख्य उद्देश्य जनगणना 2027 से पहले डीसीएचबी सर्वेक्षण को निर्धारित समय के भीतर सफलतापूर्वक पूरा करना और सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना था.
59 कर्मी करेंगे 186 राजस्व ग्रामों का सर्वे
अपर चार्ज पदाधिकारी बाल कुमार सिंह ने बताया कि प्रखंड के कुल 59 क्षेत्रीय कर्मियों को नामित किया गया है, जो सभी 186 राजस्व ग्रामों का डिजिटल सर्वे करेंगे.
उन्होंने कहा कि भारत जनगणना 2027 देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक और सांख्यिकीय प्रक्रियाओं में से एक है. इसके माध्यम से सरकार को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति का सटीक आकलन करने में मदद मिलेगी, जिससे योजनाओं का निर्माण और संसाधनों का वितरण अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा.
मोबाइल पोर्टल पर अपलोड होंगे सभी आंकड़े
बैठक के दौरान मास्टर ट्रेनर पंकज कुमार सिंह, दीपक कुमार ठाकुर और सुमित कुमार ने सभी क्षेत्रीय कर्मियों को तकनीकी प्रशिक्षण दिया.
उन्होंने बताया कि प्रत्येक कर्मी को अपने संबंधित राजस्व ग्राम में शैक्षणिक सुविधा, चिकित्सा सुविधा, पेयजल व्यवस्था, परिवहन, सड़क संपर्क, बैंकिंग सुविधा, विद्युत उपलब्धता, भूमि उपयोग, सिंचाई व्यवस्था, प्रमुख कृषि उत्पादन, विनिर्माण और हस्तशिल्प सहित अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़े आंकड़े मोबाइल के डीसीएचबी पोर्टल पर अपलोड करने होंगे.
इसके लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर प्रमाणिक आंकड़े उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं.
Banka News: लापरवाही पर होगी कार्रवाई
चार्ज पदाधिकारी सह बीडीओ प्रभात केसरी ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया कि सर्वेक्षण कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए.
उन्होंने चेतावनी दी कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही, त्रुटि या देरी को प्रशासन गंभीरता से लेगा और आवश्यक होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मी निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए सही और प्रमाणिक आंकड़े उपलब्ध कराए, ताकि भविष्य की सरकारी योजनाओं के लिए विश्वसनीय आधार तैयार किया जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ठाकुर विनोद कुमार
ठाकुर विनोद कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. शंभूगंज (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










