बांका के पंजवारा अंडरपास में 5 फीट पानी, कांवरिये और स्कूली बच्चे रेलवे ट्रैक पार करने को मजबूर

Updated:
विज्ञापन

फोटो | Prabhat Khabar Network

बांका जिले के पंजवारा अंडरपास में जलजमाव की गंभीर समस्या से ग्रामीण परेशान हैं. हल्की बारिश में ही चार से पांच फीट पानी भर जाने से मुख्य मार्ग बाधित हो जाता है, जिससे लोगों को जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है. श्रावण मास में कांवरियों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं.

विज्ञापन

Banka News: बांका जिले के बाराहाट प्रखंड में भागलपुर-हंसडीहा रेलखंड के पंजवारा रेलवे हॉल्ट के समीप बना अंडरपास इन दिनों ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या का कारण बन गया है. हल्की बारिश के बाद ही अंडरपास चार से पांच फीट पानी से भर जाता है, जिससे मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो जाता है.

समस्या से परेशान दर्जनों ग्रामीणों ने गुरुवार को हस्ताक्षरयुक्त आवेदन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की.

जलजमाव के कारण रेलवे ट्रैक पार करने को मजबूर लोग

ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि अंडरपास में लगातार जलजमाव रहने के कारण लोगों को अपनी जान जोखिम में डालकर सीधे रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है.

इसका सबसे अधिक खतरा दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं पर मंडरा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दिनों में यह मार्ग कई-कई दिनों तक बाधित रहता है.

श्रावण मास में कांवरियों की बढ़ी मुश्किल

ग्रामीणों के अनुसार श्रावण मास के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है. भागलपुर के अजगैवीनाथ गंगा घाट से जल लेकर विभिन्न शिवालयों की ओर जाने वाले हजारों कांवरिये इसी मार्ग का उपयोग करते हैं.

लेकिन अंडरपास में भरे पानी के कारण श्रद्धालुओं को मजबूरी में रेलवे ट्रैक पार करना पड़ रहा है. इससे हर समय किसी अप्रिय घटना या बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है.

तेज रफ्तार ट्रेनों के बीच बड़ा जोखिम

स्थानीय लोगों का कहना है कि भागलपुर-हंसडीहा रेलखंड से प्रतिदिन एक्सप्रेस, मेल और मालगाड़ियां तेज रफ्तार से गुजरती हैं.

ऐसे में यदि अंडरपास की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो किसी भी दिन गंभीर रेल दुर्घटना हो सकती है. ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने और अंडरपास को सुरक्षित बनाने की मांग की है.

बीडीओ ने कार्रवाई का दिया आश्वासन

मामले पर बाराहाट प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपाल कुमार गुप्ता ने बताया कि ग्रामीणों का आवेदन प्राप्त हो गया है.

उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए आवेदन को उचित माध्यम से रेलवे प्रशासन को भेजा जाएगा और त्वरित समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी.

Banka News: बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद

बीडीओ को आवेदन सौंपने वालों में ओमप्रकाश यादव, मुख्तार अंसारी, मोहम्मद मसूक अंसारी, अमरेंद्र पंडित, मोहम्मद सोहेल अंसारी, शाहिद सहित एक दर्जन से अधिक ग्रामीण शामिल थे.

ग्रामीणों ने कहा कि जब तक अंडरपास से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होती, तब तक यह मार्ग हर बारिश में लोगों की जान के लिए खतरा बना रहेगा.

Also Read: पटना में सफाईकर्मियों की हड़ताल आठवें दिन खत्म, सीधे अकाउंट में वेतन व बोनस का मिलेगा लाभ

Also Read: बांकीपुर में BJP की हार की अंदरूनी कहानी, समीक्षा बैठक में खुलीं कई परतें, नैरेटिव से लेकर राशन कार्ड तक पर हुई चर्चा



विज्ञापन
अजय कुमार झा

लेखक के बारे में

By अजय कुमार झा

अजय कुमार झा प्रिंट माध्यम में 14 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बाराहाट (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन