कटोरिया में ढलाई के दौरान टूटी सेंटरिंग, मलबे में दबकर पश्चिम बंगाल के तीन राजमिस्त्री घायल

जख्मी राजमिस्त्री को अस्पताल लाते लोग.
Banka Accident News: धर्मशाला निर्माण के दौरान अचानक भरभराकर गिरी सेंटरिंग, मलबे में दबे मजदूरों को निकालकर पहुंचाया गया अस्पताल.
मुख्य बातें
- सेंटरिंग टूटते ही मची चीख-पुकार
- मलबे से निकालकर पहुंचाया गया अस्पताल
- पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के हैं सभी घायल
कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट
Banka Accident News: बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र स्थित कच्ची कांवरिया पथ के देवासी-लक्ष्मणझूला में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया. श्री शिवोहम बालाजी सेवा ट्रस्ट धर्मशाला में बाथरूम निर्माण के दौरान ढलाई के लिए लगाया गया सेंटरिंग अचानक टूटकर गिर गया, जिससे वहां काम कर रहे तीन राजमिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया.
Banka Accident News: सेंटरिंग टूटते ही मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाथरूम की ढलाई का कार्य चल रहा था, तभी अचानक सेंटरिंग का सहारा कमजोर पड़ गया और पूरा ढांचा भरभराकर गिर पड़ा. हादसे में एक मजदूर मलबे के नीचे दब गया, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और धर्मशाला कर्मियों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया.
मलबे से निकालकर पहुंचाया गया अस्पताल
घटना के बाद धर्मशाला के केयरटेकर और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया और तत्काल कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार और डॉ. देवेंद्र कुमार की देखरेख में उनका प्राथमिक उपचार किया गया. चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है, लेकिन उन्हें गंभीर चोटें आई हैं.
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के हैं सभी घायल
घायलों की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के चांदपुर गांव निवासी 25 वर्षीय नूर असलम, 30 वर्षीय हसीबुल अंसारी और 27 वर्षीय बापून मंडल के रूप में हुई है. तीनों राजमिस्त्री धर्मशाला के निर्माण कार्य में लगे हुए थे और घटना के समय ढलाई का काम कर रहे थे.
एक मलबे में दबा, दूसरा सेंटरिंग में लटका
हादसे के दौरान नूर असलम मलबे के नीचे दब गया, जबकि बापून मंडल सेंटरिंग के साथ बीच में लटक गया. वहीं हसीबुल अंसारी तेज झटके के कारण दूर जाकर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया. मौके पर मौजूद मजदूरों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला.
निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थलों पर सुरक्षा उपायों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.
ये भी पढ़े : रायफल शूटिंग में दमदार प्रदर्शन कर नवगछिया की बेटी ख्वाहिश ने जर्मनी में बढ़ाया देश का मान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










