परिसीमन के बाद बाराहाट में पंचायत चुनाव की सरगर्मी तेज, 22 संभावित पंचायतों में बढ़ी राजनीतिक हलचल

Updated:
विज्ञापन
पंचायत चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्र में हलचल की सांकेतिक तस्वीर.

पंचायत चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्र में हलचल की सांकेतिक तस्वीर.

Bihar Panchayat Election : बिहार में पंचायत चुनाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है, खासकर बाराहाट प्रखंड में. नए परिसीमन के बाद 22 संभावित नई पंचायतों का गठन हो सकता है, जिससे चुनावी गतिविधियों में हलचल बढ़ गई है. उम्मीदवार गांव-गांव जाकर जनसंपर्क साध रहे हैं.

विज्ञापन

Bihar Panchayat Election : बिहार में पंचायत चुनाव की अधिसूचना का इंतजार जारी है, लेकिन बाराहाट प्रखंड में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं. नए परिसीमन के बाद पंचायतों की नई रूपरेखा और पदों की संभावित बढ़ोतरी ने संभावित उम्मीदवारों की सक्रियता बढ़ा दी है. मुखिया, जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्य और वार्ड सदस्य पद के दावेदार लगातार गांवों का दौरा कर मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं.

बाराहाट में 22 संभावित पंचायतों की नई रूपरेखा

नए परिसीमन के बाद बाराहाट प्रखंड में कुल 22 संभावित पंचायतों की सूची सामने आई है. इनमें खड़ियारा, बढ़ोना, मिर्जापुर, गोरधवर, बभनगामा, खड़हरा, डफरपुर, सोनडीहा उत्तरी, सोनडीहा मध्य, सोनडीहा दक्षिणी, नारायणपुर, भूरना, गोरधोवा, ओरिया उत्तरी, ओरिया दक्षिणी, पथरा उत्तरी, पथरा दक्षिणी, महुआ, लाहोरिया खुर्द, पंजवारा, सबलपुर और चरसिया शामिल हैं.

परिसीमन के बाद बढ़ सकते हैं चुनावी पद

परिसीमन के बाद राज्य में त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था के विभिन्न पदों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना है. संभावित आंकड़ों के अनुसार जिला परिषद सदस्यों की संख्या 1,160 से बढ़कर 1,740, पंचायत समिति सदस्यों की 11,094 से 16,642, मुखिया और सरपंच की 8,067 से 12,100 तथा वार्ड सदस्य और पंच की संख्या 1,09,695 से बढ़कर 1,64,542 तक पहुंच सकती है.

गांव-गांव जनसंपर्क में जुटे संभावित उम्मीदवार

संभावित प्रत्याशी सुबह से देर शाम तक गांवों का दौरा कर रहे हैं. वे शादी-विवाह, श्राद्ध, धार्मिक आयोजनों, खेलकूद प्रतियोगिताओं और सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होकर लोगों से संपर्क बना रहे हैं. कई जगह समर्थकों के साथ बैठकें भी शुरू हो गई हैं, जहां चुनावी रणनीति और स्थानीय समीकरणों पर चर्चा की जा रही है.

मतदाता भी कर रहे हैं उम्मीदवारों का आकलन

ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ संभावित उम्मीदवार विकास के वादे कर रहे हैं. सड़क, नाली, पेयजल और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को अपनी प्राथमिकता बता रहे हैं. वहीं जागरूक मतदाता भी उम्मीदवारों के पिछले कार्यों, व्यवहार, जनसंपर्क और उपलब्धता का शांतिपूर्वक आकलन कर रहे हैं.

अधिसूचना के बाद लागू होगी आचार संहिता

प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ गोपाल प्रसाद गुप्ता ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग से आधिकारिक चुनाव कार्यक्रम जारी होने के बाद ही अधिसूचना प्रकाशित की जाएगी. अधिसूचना जारी होते ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो जाएगी. उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देशों के अनुसार निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव कराने की सभी प्रशासनिक तैयारियां समय पर पूरी की जाएंगी.


विज्ञापन
गौरव कश्यप

लेखक के बारे में

By गौरव कश्यप

गौरव कश्यप प्रिंट माध्यम में 14 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. पंजवारा (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन