बारिश में सरकारी सामान भीगने का खतरा, प्रशासन ने तुड़वाया आईसीडीएस गोदाम का ताला

Updated:
विज्ञापन

बाल विकास परियोजना शंभुगंज के गोदाम का तोड़ते हुए ताला

तेज बारिश के कारण शंभुगंज ICDS कार्यालय के गोदाम से पानी रिसने लगा. अंदर रखे आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए सूखा दूध, टीवी जैसे सरकारी सामानों के भीगकर खराब होने की आशंका थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने गोदाम का ताला तुड़वाकर सामान सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.

विज्ञापन

शंभुगंज (बांका). लगातार हो रही बारिश के बीच सरकारी सामान को नुकसान से बचाने के लिए प्रशासन ने गुरुवार को शंभुगंज प्रखंड समेकित बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस) कार्यालय के गोदाम का ताला तुड़वाया. बांका एसडीएम राजकुमार के निर्देश पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी सह प्रखंड श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी एकता भारती और पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गयी. गोदाम का ताला तोड़ने के बाद अंदर रखी सरकारी सामग्रियों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराया गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

छत से पानी रिसने के कारण पैदा हुई आपात स्थिति

सीडीपीओ मीना कुमारी ने बताया कि पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण गोदाम की छत से पानी का रिसाव हो रहा था. गोदाम में आंगनबाड़ी केंद्रों को आपूर्ति के लिए रखा सूखा दूध, टीवी सहित कई अन्य जरूरी सरकारी सामान मौजूद थे. पानी रिसने के कारण इन सामग्रियों के भीगकर खराब होने की आशंका बढ़ गयी थी.

वरीय अधिकारियों को दी गयी तत्काल सूचना

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीडीपीओ की ओर से वरीय अधिकारियों को तत्काल इसकी सूचना दी गयी. मामला संज्ञान में आने के बाद डीएम अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर एसडीएम राजकुमार ने दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की. इसके बाद वीडियोग्राफी और पुलिस बल की मौजूदगी में गोदाम का ताला तोड़ने की कार्रवाई की गयी.

सरकारी सामान को सुरक्षित स्थान पर कराया गया स्थानांतरित

ताला खुलने के बाद गोदाम में रखी सामग्रियों को सुरक्षित बाहर निकलवाया गया. अधिकारियों की मौजूदगी में सामान को ऐसे स्थान पर स्थानांतरित कराया गया, जहां बारिश के पानी से उसके खराब होने का खतरा नहीं रहे. इस कार्रवाई का उद्देश्य सरकारी संपत्ति को संभावित नुकसान से बचाना था.

डाटा एंट्री ऑपरेटर के चयनमुक्त होने के बाद फंसा था प्रभार

बताया गया कि कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता की शिकायतों के बाद संबंधित डाटा एंट्री ऑपरेटर सुधांशु शेखर को डीएम अंशुल अग्रवाल ने पूर्व में चयनमुक्त कर दिया था. चयनमुक्त किये जाने के बाद कार्यालय का विधिवत प्रभार नहीं हो सका था. इसी दौरान गोदाम की चाबी भी उक्त ऑपरेटर के पास रह गयी थी.

प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद तोड़ा गया ताला

गोदाम की चाबी उपलब्ध नहीं होने और लगातार बारिश के कारण अंदर रखी सरकारी सामग्रियों पर खतरा बढ़ने के बाद प्रशासन ने हस्तक्षेप किया. दंडाधिकारी की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए गोदाम का ताला तोड़ा गया और सामान को सुरक्षित बाहर निकलवाया गया.

कार्रवाई के दौरान आईसीडीएस कर्मी भी रहे मौजूद

गोदाम का ताला तोड़ने और सरकारी सामग्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की पूरी कार्रवाई के दौरान आईसीडीएस कार्यालय के अन्य कर्मी भी मौजूद रहे. प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद बारिश के पानी से सरकारी सामान के संभावित नुकसान को टाल दिया गया.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन