सांप के काटने से युवक की मौत, इलाज की जगह झाड़-फूंक में गंवाया कीमती समय
सदर अस्पताल में भीड़ व रोते-बिलखते परिजन
Aurangabad News : औरंगाबाद के रुखुआ गांव में धान का बिहन ढोते समय सांप के काटने से युवक की मौत. झाड़-फूंक के चक्कर में गई जान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़.
Aurangabad News : रफीगंज प्रखंड के पौथू थाना क्षेत्र के रुखुआ गांव में धान रोपाई के लिए बिहन ढोने के दौरान विषैले सांप के काटने से 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान गांव निवासी रामाधार ठाकुर के पुत्र मुकेश कुमार ठाकुर के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
इलाज के बजाय झाड़-फूंक में उलझे परिजन
परिजनों ने बताया कि मुकेश सिर पर धान का बिहन लेकर खेत में जा रहे थे. इसी दौरान एक विषैले सांप ने उनके दाहिने पैर में काट लिया. सांप के काटने के बाद उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे. लेकिन अस्पताल ले जाने के बजाय परिजन अंधविश्वास के चलते उन्हें झाड़-फूंक कराने एक तांत्रिक के पास ले गए. काफी देर तक झाड़-फूंक के बावजूद उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ. बाद में जब उन्हें सदर अस्पताल लाया गया तो चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
घर का इकलौता सहारा था मुकेश
सदर अस्पताल में परिजनों ने बताया कि मुकेश अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे. उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था, जिसके बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी. उनकी असामयिक मौत से पत्नी शीतल देवी और दो छोटे बच्चों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची. आवश्यक पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया. अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
Also Read : नवादा में स्नातक कॉलेजों के पुनर्गठन के विरोध में शिक्षकों ने बांधी काली पट्टी
राजद नेता ने बंधाया ढांढस, मुआवजे की उठी मांग
घटना की जानकारी मिलने पर राजद नेता एवं जिला परिषद सदस्य अनिल यादव सदर अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी. उन्होंने कहा कि मृतक बेहद गरीब परिवार से था और उसके ऊपर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी. परिजनों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत मुआवजा देने की मांग की है.
Also Read : दमन में ट्रॉली बैग से मिला नवादा की युवती का शव, आरोपी प्रेमी की तलाश जारी
रक्षाबंधन से पहले उजड़ गया बहन का सुहाग
मृतक का ससुराल मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेला गांव में है. मृतक के साले कुंदन और अमरेश ने बताया कि वे रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी बहन के घर जाने की तैयारी कर रहे थे. लेकिन इससे पहले ही बहनोई की मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर भाई की कलाई में राखी बंधने से पहले ही उनकी बहन का सुहाग उजड़ गया.
Also Read : डॉ. प्रेम कुमार का 71वां जन्मदिन सादगी और उत्साह के साथ मनाया गया, नवादा से पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए





