औरंगाबाद में पंचतत्व में विलीन हुए बीएसएफ जवान जयंत सिंह, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, लगे 'भारत माता की जय' के नारे
शहीद जवान का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
Aurangabad News : किशनगंज में शहीद हुए बीएसएफ जवान जयंत कुमार सिंह का औरंगाबाद में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. नम आंखों से दी गई वीर सपूत को विदाई.
Aurangabad News : औरंगाबाद के वीर सपूत एवं बीएसएफ जवान जयंत कुमार सिंह गुरुवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हो गए. किशनगंज में ड्यूटी के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से शहीद हुए जवान का पार्थिव शरीर जैसे ही औरंगाबाद पहुंचा, पूरा शहर शोक और गर्व के भाव से भर उठा. 'भारत माता की जय' और 'जयंत कुमार सिंह अमर रहें' के गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा. हर आंख नम थी और हर हाथ अपने वीर सपूत को अंतिम सलाम देने के लिए उठा हुआ था.
फार्म एरिया में पार्थिव शरीर को दी गई श्रद्धांजलि
बीएसएफ के विशेष वाहन से शहीद जवान का पार्थिव शरीर औरंगाबाद के फार्म एरिया पहुंचा, जहां पहले से मौजूद सैकड़ों युवाओं, आम नागरिकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे सम्मान के साथ उनका स्वागत किया. बीएसएफ के जवानों ने अपने साथी को अंतिम सलामी दी, जबकि जिला प्रशासन के अधिकारियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए. इसके बाद पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए शहर के प्रमुख मार्गों से ले जाया गया.

फार्म एरिया से शुरू हुई अंतिम यात्रा
फार्म एरिया से शुरू हुई अंतिम यात्रा पुरानी जीटी रोड, धर्मशाला चौक, रमेश चौक और महाराजगंज रोड होते हुए चित्तौड़ नगर मोहल्ला स्थित शहीद जवान के आवास पहुंची. पूरे मार्ग में हजारों लोग तिरंगा लेकर अंतिम यात्रा में शामिल रहे. सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने पुष्पवर्षा कर अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी. देशभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंजता रहा और माहौल भावुक हो उठा.
अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़
चित्तौड़ नगर स्थित आवास पर शहीद जयंत कुमार सिंह के अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा. औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता, रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष सतीश कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों और बुद्धिजीवियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की. पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित करते हुए कहा कि जयंत कुमार सिंह की शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा.
View on Instagram
ड्यूटी के दौरान वज्रपात की चपेट में आए थे जवान
जयंत कुमार सिंह मंगलवार की रात किशनगंज सीमा क्षेत्र में अपनी नियमित ड्यूटी पर तैनात थे. लगातार हो रही बारिश के बीच अचानक हुए वज्रपात की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए. उपचार के दौरान बुधवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली और मातृभूमि की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए.
नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
शहीद जवान के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बीएसएफ के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे. पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई. इस दौरान हर किसी ने वीर सपूत को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी शहादत को राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च बलिदान बताया.
Also Read : दमन में ट्रॉली बैग से मिला नवादा की युवती का शव, आरोपी प्रेमी की तलाश जारी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए