जर्जर सड़क के विरोध में फूटा लोगों का गुस्सा, दुकानें बंद कर किया प्रदर्शन, टायर जलाकर लगाया जाम

Updated:
विज्ञापन

पानी भरे गड्ढे से गुजर रहे लोग

Aurangabad News : गोह प्रखंड के उपहारा में 10 साल से जर्जर सड़क के विरोध में ग्रामीणों ने किया चक्का जाम, निर्माण की मांग को लेकर टायर जलाकर जताया अपना आक्रोश.

विज्ञापन

Aurangabad News : गोह प्रखंड के शिवगंज–बैदराबाद से उपहारा बाजार जाने वाली जर्जर और कीचड़युक्त सड़क को लेकर शुक्रवार को लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. सड़क की बदहाली से नाराज उपहारा बाजार के दुकानदारों और ग्रामीणों ने सुबह से दोपहर करीब दो बजे तक अपनी-अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मुख्य सड़क पर टायर जलाकर सड़क जाम किया और सड़क निर्माण की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की. करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

बरसात में सड़क बन जाती है जानलेवा

ग्रामीणों ने बताया कि शिवगंज से बैदराबाद होते हुए उपहारा बाजार तक की सड़क पिछले करीब दस वर्षों से जर्जर स्थिति में है. बरसात के दिनों में सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों में करीब ढाई फुट तक पानी भर जाता है. ऐसे में हजारों लोगों को प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरना पड़ता है. उन्होंने कहा कि सड़क पर बने गड्ढों और कीचड़ के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. इसी मार्ग से दर्जनों गांवों के लोग बाजार, अस्पताल, बैंक और सरकारी कार्यालयों तक आते-जाते हैं. बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और कोचिंग जाने वाले छात्र-छात्राएं भी प्रतिदिन इसी सड़क का उपयोग करते हैं. सड़क की खराब स्थिति के कारण कई लोग गड्ढों में गिरकर घायल भी हो चुके हैं.

बाजार रहा बंद, यातायात पूरी तरह प्रभावित

सड़क जाम के कारण गया, अरवल और औरंगाबाद को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. उपहारा बाजार बंद रहने से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा, जबकि आम लोगों को आवश्यक सामान की खरीदारी में भी कठिनाई हुई.

पुलिस के आश्वासन पर समाप्त हुआ जाम

घटना की सूचना मिलते ही उपहारा थानाध्यक्ष आकाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और उनकी मांग संबंधित विभाग तक पहुंचाने का आश्वासन दिया. इसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात सामान्य हो सका.

सड़क निर्माण नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज

प्रदर्शन में लव कुश कुमार, पूर्व मुखिया प्रमोद कुमार, अमित कुमार, प्रभात कुमार, राजीव विद्यार्थी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, दुकानदार और स्थानीय लोग शामिल रहे. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा. उनका कहना है कि वर्षों से जर्जर सड़क के कारण क्षेत्र के लोगों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है, लेकिन अब तक समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है.

Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश


विज्ञापन
Manikant Pandey

लेखक के बारे में

By Manikant Pandey

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन