सफाई कर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, शहर की सफाई व्यवस्था चरमराई

कम मजदूरी और ठेकेदार की मनमानी के खिलाफ कर्मियों का विरोध तेज
कम मजदूरी और ठेकेदार की मनमानी के खिलाफ कर्मियों का विरोध तेज वार्ता जारी, समाधान नहीं होने पर आंदोलन और तेज करने की चेतावनी नवीनगर. नगर पंचायत क्षेत्र में कार्यरत सफाई कर्मियों की हड़ताल बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही. कम मजदूरी और ठेकेदार की कथित मनमानी के खिलाफ कर्मियों ने काम बंद कर दिया है, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है. कई इलाकों में कचरा नहीं उठने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बताया जाता है कि मंगलवार को सफाई कर्मियों ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया था. इस दौरान उन्होंने सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी दर के अनुसार भुगतान करने और पहले से कार्यरत मजदूरों को पुनः काम पर रखने की मांग की थी़ कर्मचारियों का कहना है कि महंगाई के इस दौर में उन्हें बेहद कम मजदूरी दी जा रही है, जिससे जीवनयापन कठिन हो गया है. उनका आरोप है कि सरकार द्वारा तय न्यूनतम मजदूरी दर में वृद्धि के बावजूद उसका लाभ उन्हें नहीं मिल रहा है. सफाई कर्मियों ने साफ कहा है कि जब तक उन्हें सरकारी दर के अनुसार मजदूरी भुगतान का लिखित आदेश नहीं मिलता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे. कर्मचारियों ने यह भी बताया कि पूर्व से कार्यरत छह मजदूर दुर्गा, कामता, सिकंदर, गोविंद, देवत और आकाश कई महीनों से काम की उम्मीद में रोज आ रहे हैं, लेकिन उन्हें काम नहीं दिया जा रहा है, जिससे उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. सफाई कर्मियों ने ठेकेदार और मुंशी पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पैसे लेकर बाहर के मजदूरों को काम दिया जा रहा है और मजदूरी भुगतान में अनियमितता की जा रही है. इससे स्थानीय मजदूरों में आक्रोश बढ़ गया है. कर्मियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. वहीं इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी किशोर भारती ने बताया कि सफाई कर्मियों से वार्ता की जा रही है और जल्द ही समस्या के समाधान का प्रयास किया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










