प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की बेरहमी से पिटाई, हालत गंभीर

ग्रामीणों ने युवक को पकड़ा, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
ग्रामीणों ने युवक को पकड़ा, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल प्रतिनिधि, औरंगाबाद कार्यालय. मदनपुर थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध का मामला उस समय हिंसक रूप ले बैठा, जब प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है. यह घटना रफीगंज-शिवगंज रोड स्थित एक गांव की बतायी जा रही है. घायल युवक फेसर थाना क्षेत्र का रहने वाला है. बताया जाता है कि उसके गांव की एक युवती के साथ उसका लंबे समय से प्रेम संबंध था. दोनों के बीच अक्सर बातचीत होती थी और मिलने-जुलने का सिलसिला भी चलता रहा था. जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात युवती ने युवक को फोन कर मिलने के लिए बुलाया था. इसके बाद वह रात में अपने गांव से निकलकर युवती के रिश्तेदार के घर पहुंचा, जहां दोनों एक कमरे में मौजूद थे. इसी दौरान परिजनों और ग्रामीणों को इसकी भनक लग गयी. इसके बाद ग्रामीणों ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर युवक को बाहर निकाला और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. पुलिस कार्रवाई और स्थिति मारपीट की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को मदनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. हालत गंभीर होने पर उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद स्थिति चिंताजनक बताते हुए हायर सेंटर भेज दिया. परिजनों के अनुसार मारपीट में युवक के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं और फ्रैक्चर की आशंका जताई जा रही है. इस घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है. इस घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है. प्रेम-प्रसंग को लेकर हिंसक घटना ने कई सवाल खड़े कर दिये हैं. हालांकि, रविवार अपराह्न तक मामले में किसी भी पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी गयी थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




