देव सूर्य मंदिर की महिमा अपरंपार, मिलकर विकास के लिए करें प्रयास : सांसद

चार दिवसीय छठ मेला का शुभारंभ, सांसद व विधायक ने रखे विचार
चार दिवसीय छठ मेला का शुभारंभ, सांसद व विधायक ने रखे विचार प्रतिनिधि, देव. देव में चार दिवसीय चैती छठ मेला का शुभारंभ रविवार से हुआ. औरंगाबाद सांसद अभय कुमार सिन्हा, रफीगंज विधायक प्रमोद कुमार सिंह, सदर विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, कुटुंबा विधायक ललन राम, जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा, एसपी अंबरीश राहुल, एडीएम अनुग्रह नारायण सिंह, एसडीओ संतन कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर और फीता काटकर किया. कार्यक्रम की शुरुआत बिहार गीत के सामूहिक गायन के साथ हुई. इस दौरान देव नगर पंचायत अध्यक्ष पिंटू शाही एवं अन्य विशिष्ट जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं की ओर से स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया. जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने सांसद को पौधा एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया. साथ ही अन्य अतिथियों को भी जिलास्तरीय पदाधिकारियों की ओर से पौधा एवं शॉल प्रदान कर स्वागत किया गया. उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह ने अपने स्वागत भाषण में उपस्थित सभी अतिथियों और जिलेवासियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि छठ महापर्व केवल एक पूजा नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास, अनुशासन एवं सामाजिक एकता का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि चार दिनों तक चलने वाला यह महापर्व शांति, समर्पण एवं सांस्कृतिक महत्ता का प्रतीक है तथा ईश्वर से प्रार्थना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि लाएं. सांसद ने सभी श्रद्धालुओं एवं जिलेवासियों को छठ महापर्व एवं बिहार दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चैती छठ महापर्व पर छठ मेले का आयोजन जिले के लिए गौरव का विषय है. उन्होंने कहा कि देव की पावन धरती पर अवस्थित भगवान सूर्य का भव्य मंदिर धार्मिक, पौराणिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है. इसकी विशिष्ट स्थापत्य कला इसे विशेष पहचान प्रदान करती है. इतिहासकारों के अनुसार, इस मंदिर का निर्माण छठी से आठवीं शताब्दी के मध्य माना जाता है. पौराणिक मान्यताओं में इसे त्रेता युग से संबंधित बताया गया है. मंदिर परिसर में स्थित शिलालेख इसकी प्राचीनता एवं महत्ता को और अधिक प्रमाणित करता है. ऐसे में हम सभी को मिलकर देव के विकास के लिए काम करना होगा. देव के समीप एक्सप्रेस-वे पर चतार-चढ़ाव की व्यवस्था होनी चाहिए. जब हम प्रयास करेंगे, तभी सफलता मिलेगी. जिले के जनहित के मुद्दे को सदन के माध्यम से सरकार को अवगत कराते हैं. यह हमारा दायित्व है कि यहां विकास की गंगा बहे. पातालगंगा में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास होगा, इसके लिए सरकार के प्रति आभार जताया. कार्यक्रम को सदर विधायक, रफीगंज विधायक, कुटुंबा विधायक सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया. जिलाधिकारी ने कहा कि चार दिवसीय छठ महापर्व पर आयोजित इस भव्य मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है. श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्था की गयी है. रास्तों की करायी गयी मरम्मत देव सूर्य मंदिर एवं कुंड परिसर तक पहुंचने वाले सभी मार्गों की मरम्मत करायी गयी है तथा विभिन्न स्थानों पर सिगनेज लगाये गये हैं. पेयजल, टेंट-पंडाल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गयी हैं. सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो. आपात स्थिति से निबटने के लिए भी सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गयी है. उन्होंने स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवकों, बुद्धिजीवियों एवं प्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की. मौके पर डीपीआरओ श्वेता प्रियदर्शी, उपसमाहर्ता रितेश यादव, मंदिर न्यास समिति के सचिव विश्वजीत राय के साथ-साथ राजद नेता डॉ रमेश यादव, उदय उज्जवल, जिला पार्षद गायत्री देवी, अनिल यादव, संजय यादव, कांग्रेस नेता महेंद्र यादव, नप उपाध्यक्ष गोलू गुप्ता सहित अन्य उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




