बटाने पुल बंद के बाद भारी वाहनों के लिए नया रूट चार्ट जारी, जिला प्रशासन ने लागू की वैकल्पिक व्यवस्था

Published by : Suryakant Kumar Updated At : 25 May 2026 4:30 PM

विज्ञापन

पूल में दरार

Aurangabad News: राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-139 पर बटाने पुल से भारी वाहनों के परिचालन पर रोक के बाद जिला प्रशासन ने वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू कर दी है. डीएम और एसपी के निर्देश पर भारी वाहनों के लिए नया रूट चार्ट तैयार किया गया है.

विज्ञापन

Aurangabad News(सुजीत कुमार सिंह): राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-139 (पुराना एनएच-98) स्थित बटाने पुल से भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाए जाने के उपरांत जिला प्रशासन द्वारा वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू कर दी गई है. डीएम अभिलाषा शर्मा और एसपी अंबरीश राहुल के निर्देशानुसार भारी एवं व्यवसायिक वाहनों के सुरक्षित एवं सुगम परिचालन हेतु विस्तृत रूट चार्ट तैयार किया गया है.

भारी वाहनों का प्रवेश औरंगाबाद सीमा पर बंद

पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, औरंगाबाद द्वारा बताया गया कि रोहतास से हरिहरगंज जाने वाले भारी वाहन बारूण से तेतरिया मोड़ होते हुए जपला मार्ग से हरिहरगंज जा सकेंगे. गयाजी एवं पटना से हरिहरगंज जाने वाले भारी वाहन बारूण-जपला मार्ग होकर हरिहरगंज जाएंगे. हरिहरगंज से औरंगाबाद आने वाले भारी वाहनों का प्रवेश औरंगाबाद सीमा पर निषेध रहेगा तथा ऐसे वाहन जपला-बारूण-राष्ट्रीय उच्च पथ-19 मार्ग का उपयोग करेंगे. हरिहरगंज से औरंगाबाद आने वाली बड़ी यात्री बसें एवं 12 चक्का व्यवसायिक वाहन अम्बा चौक से नवीनगर-बारूण होकर औरंगाबाद आ सकेंगे. रोहतास की ओर से आने वाली बड़ी यात्री बसें एवं 12 चक्का व्यवसायिक वाहन बारूण-केशव मोड़-तेतरिया-नवीनगर-अम्बा चौक होकर हरिहरगंज जा सकेंगे.

चतरा मोड़ से माली होते हुए नवीनगर जा सकेंगे

पटना और गयाजी की ओर से हरिहरगंज जाने वाली बड़ी यात्री बसें एवं 12 चक्का व्यवसायिक वाहन भी उक्त वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करेंगे. औरंगाबाद से नवीनगर जाने वाले छोटे वाहन चतरा मोड़ से माली होते हुए नवीनगर जा सकेंगे. कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमण्डल, औरंगाबाद द्वारा बताया गया कि यातायात परिवर्तन की स्थिति में बारूण-नवीनगर पथ के 10वें किलोमीटर से तेतरिया मोड़ तक मरम्मति कार्य तथा तेतरिया से कोईरीडीह पथ के मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण की तत्काल आवश्यकता है.

निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों का प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश

इस पर डीएम एवं एसपी द्वारा कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमण्डल, औरंगाबाद को तत्काल पुनः निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों का प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा औरंगाबाद के अनुमण्डल पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक, यातायात को वाहनों के सुगम परिचालन हेतु उसका प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया. जिला प्रशासन द्वारा यातायात योजना के सफल अनुपालन हेतु विभिन्न स्थलों पर दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया है.

कोईरीडीह, तेतरिया मोड़, अम्बा चौक, एरका, केशव मोड़, जसोईया मोड़, महिन्द्रा शोरूम, चतरा मोड़ एवं सुंदरगंज बाजार सहित विभिन्न स्थलों पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारी वाहनों के सुगम एवं सुरक्षित परिचालन को सुनिश्चित करेंगे. जिला प्रशासन ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों एवं यातायात व्यवस्था का पालन करें तथा प्रशासन का सहयोग करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव सुनिश्चित किया जा सके.

Also Read: बक्सर में 27 मई को जॉब कैंप, 395 पदों पर ऑन-स्पॉट भर्ती का मौका

विज्ञापन
Suryakant Kumar

लेखक के बारे में

By Suryakant Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन