ePaper

डीएम ने जिले के शैक्षणिक, विकासात्मक व पर्यटन स्थलों का किया निरीक्षण

Updated at : 02 Jan 2026 7:00 PM (IST)
विज्ञापन
डीएम ने जिले के शैक्षणिक, विकासात्मक व पर्यटन स्थलों का किया निरीक्षण

सदर, नवीनगर व बारुण प्रखंडों में कई जगहों पर सरकारी कार्यों का लिया जायजा

विज्ञापन

सदर, नवीनगर व बारुण प्रखंडों में कई जगहों पर सरकारी कार्यों का लिया जायजा

औरंगाबाद कार्यालय. डीएम अभिलाषा शर्मा ने नवीनगर व बारुण प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सरकारी व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों के साथ-साथ अन्य सरकारी संस्थानों का भी निरीक्षण किया. बारुण प्रखंड के मेह गांव में स्थित राजकीय मध्य विद्यालय, पंचायत भवन और आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया गया. राजकीय मध्य विद्यालय में नामांकित छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियां, कक्षा संचालन, मध्याह्न भोजन योजना का क्रियान्वयन, स्वच्छता, पेयजल सुविधा और परिसर तथा मैदान की साफ-सफाई और रख-रखाव की स्थिति का अवलोकन किया गया. डीएम ने विद्यालय परिसर में मैदान की मरम्मत कराने का निर्देश दिया, ताकि छात्र और छात्राएं खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित और सुचारू वातावरण में रहें. पंचायत भवन मेह में कार्यालयीय व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण और भवन की साफ-सफाई की समीक्षा की गई तथा आवश्यक सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया. आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करने पर स्थिति अत्यंत जर्जर और असंतोषजनक पाई गई. निरीक्षण में प्रतीत हुआ कि आंगनबाड़ी या तो लंबे समय से बंद है या नियमित रूप से संचालन नहीं हो रहा है. इस गंभीर स्थिति को देखते हुए डीएम ने उप विकास आयुक्त को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा और बाल विकास से संबंधित संस्थानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है.

बीआरबीसीएल परियोजनाओं का निरीक्षण और स्थानीय विकास पर चर्चा

डीएम अभिलाषा शर्मा ने बीआरबीसीएल द्वारा संचालित विकासात्मक कार्यों का निरीक्षण किया. इसका उद्देश्य जिले में बीआरबीसीएल के माध्यम से चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लेना और भविष्य में प्रस्तावित परियोजनाओं से स्थानीय विकास और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर चर्चा करना था. निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की और वर्तमान एवं प्रस्तावित परियोजनाओं से होने वाले प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की. साथ ही डीएम ने बीआरबीसीएल के निकट सुरार तालाब के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का भी निर्देश दिया, ताकि यह क्षेत्र पर्यटन और स्थानीय विकास के दृष्टिकोण से आकर्षक और उपयोगी बन सके. डीएम ने बीआरबीसीएल के प्रयासों की सराहना की और अपेक्षा जताई कि आने वाले समय में और व्यापक स्तर पर विकास कार्य संचालित होंगे, जिससे जिले के समग्र विकास को गति मिलेगी.

कनबेहरी तालाब का स्थल निरीक्षण

डीएम ने सदर प्रखंड के ओरा पंचायत अंतर्गत कनबेहरी तालाब का स्थलीय निरीक्षण किया. यह निरीक्षण तालाब को पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित किए जाने की संभावनाओं का आकलन करने के उद्देश्य से किया गया. निरीक्षण के दौरान डीएम ने तालाब की वर्तमान भौतिक स्थिति, जल क्षेत्र, संपर्क पथ, प्राकृतिक सौंदर्य और आसपास उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं का गहन अवलोकन किया. उन्होंने उप विकास आयुक्त को निर्देश दिया कि विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तालाब को एक आकर्षक और सुव्यवस्थित पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने हेतु चरणबद्ध कार्ययोजना शीघ्र तैयार की जाये, ताकि पर्यटन विकास के साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिल सके. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, सदर भूमि सुधार उप समाहर्ता श्वेतांक लाल और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रत्ना प्रियदर्शनी उपस्थित थे.

महुआंवा पंचायत में विकास कार्यों का निरीक्षण

डीएम ने नवीनगर प्रखंड के महुआंवा पंचायत में विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया. निर्माणाधीन महुआंवा पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का अवलोकन किया और अधिकारियों को भवन निर्माण को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिये. बीआरबीसीएल द्वारा संचालित तालाब सौंदर्यीकरण और हाई मास्क लाइट परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया गया. डीएम ने कार्य की समयबद्ध पूर्णता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि यह क्षेत्र स्थानीय विकास, पर्यटन और नागरिक उपयोग के दृष्टिकोण से प्रभावी और आकर्षक बन सके. निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी महोदया ने बीआरबीसीएल द्वारा निर्माणाधीन खेल मैदान का भी स्थल निरीक्षण किया. उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, स्थल सुरक्षा और आगामी कार्य योजना का जायजा लिया और इसे युवाओं और बच्चों के खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिये.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SUJIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन