औरंगाबाद के जोगड़ी मोड़ पर ऑटो-टोटो की भिड़ंत, मासूम समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल

सीएचसी में घायलों का इलाज करते स्वास्थ्यकर्मी | Prabhat Khabar Network
औरंगाबाद जिले के मदनपुर में जोगड़ी मोड़ के पास टोटो और टेम्पो की आमने-सामने की टक्कर में एक बच्ची समेत पांच लोग घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
Aurangabad Road Accident : औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर सड़क हादसे में पांच वर्षीय बच्ची समेत पांच लोग घायल हो गए. सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया. चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है.
जोगड़ी मोड़ के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह हादसा खिरियावां–रफीगंज मुख्य मार्ग पर जोगड़ी मोड़ के समीप हुआ.बताया जाता है कि सलैया की ओर से एक टोटो आ रहा था, जबकि खिरियावां मोड़ की तरफ से एक अन्य टेम्पो सलैया की ओर जा रहा था. इसी दौरान जोगड़ी मोड़ के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों में सवार लोग घायल हो गए.
दुर्घटना में इन लोगों को आई चोटें
घायलों में मदनपुर थाना क्षेत्र के सैलवां गांव निवासी आनंद मोहन रिकियासन की पांच वर्षीय पुत्री करीना कुमारी, स्व. भदई रिकियासन के पुत्र महेंद्र रिकियासन, उनकी पत्नी पार्वती देवी, स्व.जगेश्वर रिकियासन के पुत्र रतिलाल रिकियासन तथा सलैया थाना क्षेत्र के बैजू बिगहा निवासी कमलेश सिंह के पुत्र वीरेंद्र सिंह शामिल हैं. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर पहुंचाया. वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ.रविकांत ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया.
सुरक्षा इंतजाम की मांग
वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार और मोड़ पर सावधानी नहीं बरतने को हादसे का मुख्य कारण बताया है. उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










