औरंगाबाद में उर्वरक विक्रेताओं को प्रशासन की सख्त चेतावनी, अधिक कीमत वसूली पर होगी कड़ी कार्रवाई

खाद विक्रेताओं के साथ बैठक करते एसडीओ | Prabhat Khabar Network
औरंगाबाद में खरीफ सीजन के मद्देनजर खाद की उपलब्धता और सही मूल्य सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं. सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में उर्वरक विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए गए. कालाबाजारी और अधिक दाम वसूली पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Aurangabad News : खरीफ मौसम में किसानों को समय पर और निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह की अध्यक्षता में सदर अनुमंडल क्षेत्र के सभी थोक एवं खुदरा उर्वरक विक्रेताओं की बैठक आयोजित की गई. बैठक में उर्वरक वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने, कालाबाजारी पर रोक लगाने और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
उर्वरक नियंत्रण आदेश और कानूनों की दी गई जानकारी
बैठक की शुरुआत में जिला कृषि पदाधिकारी ने उर्वरक के भंडारण, वितरण और बिक्री से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी. उन्होंने उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत निर्धारित नियमों की विस्तार से चर्चा करते हुए सभी विक्रेताओं को उनका अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया.
दुकानों पर स्टॉक और कीमत की जानकारी प्रदर्शित करना होगा अनिवार्य
सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह ने निर्देश दिया कि सभी उर्वरक विक्रेता अपने प्रतिष्ठान पर उपलब्ध उर्वरकों की सूची, सरकार द्वारा निर्धारित बिक्री मूल्य तथा गोदाम में उपलब्ध स्टॉक की जानकारी सूचना पट्ट पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें. उन्होंने कहा कि इस सूचना को प्रतिदिन अद्यतन रखना होगा, ताकि किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता और कीमत की सही जानकारी मिल सके.
अधिक कीमत वसूली पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
एसडीओ ने स्पष्ट किया कि उर्वरकों की बिक्री केवल सरकार द्वारा निर्धारित दर पर ही की जाएगी. यदि कोई विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलता है या किसी अन्य प्रकार की अनियमितता करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
नियमित और आकस्मिक निरीक्षण करेगा प्रशासन
बैठक में बताया गया कि उर्वरक दुकानों का नियमित और आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा. जांच के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को भी दिए गए निर्देश
सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में उर्वरक वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी रखने तथा किसानों को समय पर और निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए. प्रशासन ने कहा कि खरीफ सीजन में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और उर्वरक वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










