औरंगाबाद में ऑपरेशन सिद्धि के तहत गोह पुलिस ने छात्रों को दिलाई जिम्मेदार नागरिक बनने की शपथ

छात्र छात्राओं को शपथ दिलाते एसआई पूजा शर्मा | Prabhat Khabar Network
गोह के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय में ऑपरेशन सिद्धि के तहत छात्रों को अपराध और नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया गया।
Aurangabad News : गोह प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, डिहुरी में गुरुवार को गोह पुलिस द्वारा ऑपरेशन सिद्धि अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं से संकल्प पत्र भरवाकर उन्हें कानून का सम्मान करने, सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने, नशे से दूर रहने तथा अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ दिलाई गई.
युवा पीढ़ी को बताया देश का भविष्य
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी ही देश का भविष्य है. यदि छात्र जीवन से ही अनुशासन, नैतिक मूल्यों और कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित की जाए, तो समाज में अपराध स्वतः कम होंगे. उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया.
नशे और सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से किसी भी प्रकार के नशे, साइबर अपराध, बाल विवाह, दहेज प्रथा तथा अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील की. साथ ही उन्होंने कहा कि विद्यार्थी स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार व समाज के अन्य लोगों को भी इन कुरीतियों के खिलाफ जागरूक करें.
सभी विद्यालयों में चलाया जा रहा है अभियान
अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन सिद्धि अभियान के तहत गोह प्रखंड के सभी विद्यालयों में इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच विकसित करना, उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना तथा सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है.
शिक्षकों ने की पहल की सराहना
विद्यालय के शिक्षकों ने गोह पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, सामाजिक चेतना और नैतिक मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने कानून का पालन करने, समाजहित में कार्य करने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प दोहराया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










