15 अगस्त को लेकर औरंगाबाद में सुरक्षा बलों की चौकसी तेज, नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन में कार्बाइन समेत हथियार बरामद
नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन में कार्बाइन बरामद
15 अगस्त को लेकर सुरक्षा बलों ने देव प्रखंड में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है. इस दौरान पुलिस ने नक्सलियों के ठिकाने से एक कार्बाइन और मैगजीन बरामद की है.
Aurangabad News : औरंगाबाद के देव प्रखंड में 15 अगस्त को लेकर पुलिस और सुरक्षा बलों ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. कंचनपुर थाना क्षेत्र के जंगल और पहाड़ी इलाकों में नक्सली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. इसी अभियान के दौरान पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है. सुरक्षा बलों ने कंचनपुर गांव से बंगला बगीचा की ओर जाने वाले जंगली और पहाड़ी इलाके में तलाशी के दौरान एक पुलिस कार्बाइन, एक मैगजीन, स्लाइड और स्प्रिंग बरामद किया है.
बरामद हथियार और अन्य सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है. स्वतंत्रता दिवस से पहले हुई इस बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों ने जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में निगरानी और तलाशी अभियान और तेज कर दिया है.
कंचनपुर से बंगला बगीचा जाने वाले रास्ते पर सर्च ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार, एआरजी टीम एसटीएफ, अभियान दल-04 एसटीएफ गया और कंचनपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कंचनपुर गांव से बंगला बगीचा की ओर जाने वाले इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया था.
सुरक्षा बलों ने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में काफी देर तक तलाशी ली. इसी दौरान टीम को हथियार और उसके कुछ हिस्से बरामद हुए. बरामद सामान को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
कार्बाइन पर मिला आर्सनल नंबर
सर्च ऑपरेशन के दौरान बरामद पुलिस कार्बाइन के ब्रीच ब्लॉक पर ICR 1098-8335 आर्सनल नंबर अंकित मिला है. वहीं मैगजीन लॉकिंग के ऊपर 9MM CARBINE SUB MACHING 001996 लिखा हुआ पाया गया है.
पुलिस ने कार्बाइन के साथ बरामद मैगजीन, स्लाइड और स्प्रिंग को भी जब्त कर लिया है. सुरक्षा बल अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि हथियार जंगल में किसने छिपाया था और इसका इस्तेमाल किस गतिविधि में किया जाना था.
15 अगस्त को लेकर बढ़ाई गई चौकसी
कंचनपुर थानाध्यक्ष सुभाष कुमार ने बताया कि 15 अगस्त को देखते हुए थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. नक्सली गतिविधियों की रोकथाम के लिए जंगल और पहाड़ी इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम इलाके में लगातार निगरानी कर रही है. जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और तलाशी अभियान आगे भी जारी रहेगा.
स्वतंत्रता दिवस से पहले जंगल क्षेत्र से कार्बाइन बरामद होने के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है. पुलिस का फोकस नक्सली गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ-साथ किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टालने पर है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










