औरंगाबाद के तमसी मोड़ पर दर्दनाक हादसा, 25 फीट गहरी नहर में पलटी स्कूली वैन, 14 बच्चे जख्मी

Aurangabad News: औरंगाबाद में स्कूली वाहन नहर में गिर गया, जिसमें कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. घटना से जुड़ी पूरी खबर नीचे पढ़ें.
School van accident: (विश्वनाथ पांडे) बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया. तमसी मोड़ के समीप बसडीहा नहर के पास स्कूली बच्चों से भरी सेंट जेवियर स्कूल की मैजिक अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट गहरी सूखी नहर में पलट गई. हादसे में 14 बच्चे घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. गंभीर रूप से घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
महुआधाम समेत कई गांवों से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी मैजिक
जानकारी के अनुसार, सेंट जेवियर स्कूल की मैजिक रोज की तरह बुधवार सुबह महुआधाम, मिर्जापुर, कुटुंबा, लखना समेत आसपास के गांवों से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी. अंबा-नवीनगर मुख्य मार्ग पर तमसी मोड़ के समीप बसडीहा नहर के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा. देखते ही देखते मैजिक सड़क से नीचे करीब 15 फीट गहरी सूखी नहर में पलट गई. हादसे के बाद बच्चों की चीख-पुकार से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.

ग्रामीणों ने दिखाई मानवता, तत्काल शुरू किया रेस्क्यू अभियान
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान चलाया और ऑटो की मदद से सभी घायल बच्चों को नहर से बाहर निकालकर रेफरल अस्पताल, कुटुंबा पहुंचाया. ग्रामीणों की तत्परता से सभी बच्चों को समय पर इलाज मिल सका.
तीन बच्चों की हालत गंभीर, सदर अस्पताल किया गया रेफर
घायलों में आदित्य राज (12), आरवी प्रताप (5), मौली कुमारी (7), हर्ष कुमार (10), अमी कुमारी, लक्ष्मी राज सैनी, सुगंधी, आर्यन, सृष्टि कुमारी, आयुष कुमार, अवध कुमार, वैभव कुमार, आबिद राजा और अमित कुमार शामिल हैं. इनमें आरवी प्रताप, मौली कुमारी और हर्ष कुमार की हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया.

अभिभावकों का फूटा गुस्सा, स्कूल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक रेफरल अस्पताल पहुंच गए. बच्चों की स्थिति देखकर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. अभिभावकों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन क्षमता से अधिक बच्चों को मैजिक में बैठाकर उनकी जान जोखिम में डाल रहा था. उन्होंने इस घटना को स्कूल की घोर लापरवाही बताते हुए प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

पुलिस ने शुरू की जांच, ओवरलोडिंग पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. इस हादसे के बाद निजी स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और ओवरलोडिंग को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
इसे भी पढ़ें: बिहार में ‘फ्री’ की बीयर! हाजीपुर में ट्रक-पिकअप की टक्कर के बाद मची लूट, बोतलें बटोरने लगे लोग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Vivek Pandey
विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 7 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 न्यूज़ चैनल से की. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में कार्यरत हैं.
बिहार की राजनीति, प्रशासन, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग करते हैं. राज्य की राजनीतिक गतिविधियों, नीतिगत फैसलों और उनके आम लोगों पर पड़ने वाले प्रभाव का विश्लेषण करना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. इसके साथ ही वे कृषि, शिक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










