रफीगंज में दर्दनाक हादसा: 20 फीट गड्ढे में पलटा ट्रैक्टर, 23 वर्षीय युवक की मौत, गर्भवती पत्नी का छिना सहारा

Updated:
विज्ञापन
रफीगंज के भदवाडीह में 20 फीट गहरे गड्ढे में पलटे ट्रैक्टर हादसे के बाद घटनास्थल पर जुटे ग्रामीण और बिलखते परिजन

दुर्घटना के बाद पलटा ट्रैक्टर

Aurangabad Accident News : औरंगाबाद के रफीगंज में मिट्टी लदा ट्रैक्टर 20 फीट गहरे गड्ढे में पलटने से 23 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद ग्रामीणों ने मुआवजा और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया.

विज्ञापन

रफीगंज से सत्येंद्र पाठक की रिपोर्ट :
Aurangabad Accident News :
रफीगंज प्रखंड के भदवाडीह गांव में बुधवार की शाम हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. भदवाडीह के समीप मिट्टी लेकर जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में पलट गया, जिससे उस पर सवार 23 वर्षीय मजदूर सुनील कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक टिकरी निवासी रामजनम पासवान का पुत्र था.

गर्भवती पत्नी और दो बेटियों पर टूटा दुखों का पहाड़

सबसे मार्मिक बात यह है कि सुनील कुमार की पत्नी गर्भवती है और परिवार में पहले से दो छोटी बेटियां हैं. सुनील ही परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र सहारा था. परिजनों के अनुसार, पूरा परिवार राजस्थान में रहकर मजदूरी करता है. हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर गहरे गड्ढे में पलटा

स्थानीय लोगों ने बताया कि टिकरी निवासी नीरज सिंह का ट्रैक्टर मिट्टी लेकर गांव की ओर आ रहा था. इसी दौरान रास्ते में संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर गहरे गड्ढे में पलट गया. हादसे में सुनील कुमार ट्रैक्टर के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं सियाराम पासवान का चालक पुत्र रवि कुमार (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे पहले सदर अस्पताल औरंगाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नाजुक होने पर बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गयाजी रेफर कर दिया गया.

मुआवजा और कार्रवाई की मांग

घटना की सूचना मिलते ही एसआई पप्पू पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. हालांकि घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर उचित मुआवजा एवं कार्रवाई की मांग को लेकर घंटों प्रदर्शन किया.

सूचना पर पहुंचे विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. उन्होंने सरकार से मिलने वाली सहायता राशि दिलाने के साथ-साथ वाहन मालिक से भी आर्थिक सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया.

एसएचओ ने क्या बताया ?

एसएचओ शंभू कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर पलटने से एक मजदूर की मौत हुई है, जबकि चालक घायल है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर दुर्घटना में मौत का यह तीसरा मामला है. इससे पहले भी ट्रैक्टर हादसों में दो लोगों की जान जा चुकी है.

Also Read: औरंगाबाद के NH-139 पर चला बुलडोजर, हटाए गए अवैध ढाबे, अतिक्रमणकारियों में मची अफरा-तफरी

विज्ञापन
सूर्यकांत कुमार

लेखक के बारे में

By सूर्यकांत कुमार

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन