एक घंटे की बारिश ने खोली व्यवस्था की पोल, औरंगाबाद में सड़कें बनी तालाब

Published by :SUJIT KUMAR
Published at :04 May 2026 4:46 PM (IST)
विज्ञापन
एक घंटे की बारिश ने खोली व्यवस्था की पोल, औरंगाबाद में सड़कें बनी तालाब

करमा रोड से सब्जी मंडी तक सड़कों पर भरा गंदा पानी, आवागमन बाधित

विज्ञापन

करमा रोड से सब्जी मंडी तक सड़कों पर भरा गंदा पानी, आवागमन बाधित

गर्मी से राहत मिली, लेकिन किसानों की फसल को नुकसान

प्रतिनिधि, औरंगाबाद शहरसोमवार की दोपहर करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश ने जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर नगर पर्षद की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी. हल्की से मध्यम बारिश में ही शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ. बारिश से शहर की बदहाल जल निकासी व्यवस्था को भी उजागर कर दिया.

करमा रोड पर जलजमाव, सड़क बनी तालाब

शहर के करमा रोड स्थित रामराज नगर मोड़ से लेकर अंबिका पब्लिक स्कूल तक सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गयी. नालियों का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहने लगा, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. बाइक और पैदल चलने वालों को कीचड़ और बदबूदार पानी से गुजरना पड़ा. अंबिका पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा. विद्यालय के सामने ही नालियों का पानी बहता हुआ नजर आया. वैसे यह स्थिति बरसात में और विकराल हो जाती है. कई बार स्थानीय लोगों के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन द्वारा नगर पर्षद का ध्यान दिलाया गया,लेकिन किसी तरह की पहल नहीं की गयी.

ड्रेनेज सिस्टम की खुली पोल

नगर परिषद द्वारा ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने और नालियों के जीर्णोद्धार के किए गए दावे इस बारिश में पूरी तरह फेल नजर फिर नजर आये. कई जगहों पर नालियां जाम होने के कारण पानी सड़कों पर बहने लगा. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश में यही स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जाती.

पुरानी सब्जी मंडी में जलजमाव से परेशानी

पुरानी सब्जी मंडी के समीप भी जलजमाव की गंभीर समस्या देखने को मिली. यहां दुकानदारों को अपने सामान को बचाने में मशक्कत करनी पड़ी, वहीं ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित रही. गंदे पानी के कारण बदबू और गंदगी से व्यापार पर भी असर पड़ा. परिवहन विभाग के समीप सर्विस लेन में भी पानी भर गया. कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को जलजमाव के बीच से गुजरना पड़ा.

गेट स्कूल मैदान बना तालाब

शहर का गेट स्कूल मैदान भी पानी से लबालब हो गया और तालाब में तब्दील हो गया. यहां रोजाना खेलने और टहलने आने वाले लोगों को अब परेशानियों का सामना करना पड़ेगा. खिलाड़ियों के अभ्यास पर भी इसका असर पड़ने की संभावना है. ज्ञात हो कि कई बार मैदान को समतल बनाने के प्रति खिलाड़ियों ने जिला प्रशासन का ध्यान दिलाया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ. अब भयावह स्थिति से खिलाड़ियों को गुजरना पड़ेगा.

बारिश से मिली राहत, लेकिन किसानों को नुकसान

बारिश से जहां शहरवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर किसानों के लिए यह बारिश मुसीबत बन गयी. जिन किसानों की फसल खलिहान या खेतों में पड़ी थी, उन्हें नुकसान उठाना पड़ा.कई जगहों पर भीगा अनाज खराब होने की आशंका है.

विज्ञापन
SUJIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन