औरंगाबाद में NH-19 पर बेकाबू ट्रक ने कार में मारी दो बार टक्कर, बाल-बाल बचे चालक
क्षतिग्रस्त कार की तस्वीर
Aurangabad News : एनएच-19 पर डेहरी ऑन सोन ब्रिज के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को दो बार टक्कर मारी. गनीमत रही कि कार चालक बाल-बाल बच गया, पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है.
Aurangabad News : राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. थाना क्षेत्र के डेहरी ऑन सोन ब्रिज के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें बेकाबू ट्रक ने आगे चल रही कार में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में कार सवार चालक बाल-बाल बच गये, जबकि कार का पिछला और साइड का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के संबंध में पीड़ित चालक ने बारुण थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है.
औरंगाबाद से सासाराम जाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कुटुंबा थाना क्षेत्र के निवासी सुरेंद्र कुमार अपनी कार से औरंगाबाद से सासाराम की ओर जा रहे थे. जब वे डेहरी ऑन सोन ब्रिज के मध्य पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी. अचानक हुई टक्कर से कार चालक घबरा गये और वाहन का संतुलन बिगड़ गया.
दो बार मारी टक्कर, बाल-बाल बची जान
पीड़ित सत्येंद्र कुमार ने अपने आवेदन में बताया कि पहली टक्कर के बाद जब तक वे खुद को संभाल पाते, ट्रक चालक ने दोबारा लापरवाही से कार में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का पिछला और साइड का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. पीड़ित के अनुसार, घटना के समय उन्हें ऐसा लगा कि उनकी जान बचना मुश्किल है, लेकिन वे किसी तरह सुरक्षित बच निकले.
पुलिस ने ट्रक को किया जब्त
टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भागने की कोशिश में था. इसी बीच घटना की सूचना मिलते ही बारुण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर थाने ले आयी. पुलिस की कार्रवाई के बाद चालक के फरार होने की कोशिश नाकाम हो गयी.
शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ मामला
घटना की सूचना मिलने के बाद बारुण पुलिस ने पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. आरोपित चालक और ट्रक मालिक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
Also Read : PHOTOS: औरंगाबाद में बच्चों ने इस प्रकार मनाया 'विश्व आदिवासी दिवस'
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










