औरंगाबाद: दाउदनगर में जलजमाव की शिकायत पर मुख्य पार्षद ने किया निरीक्षण, अवरोध हटाने का दिया निर्देश

Author Om Prakash|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन
मौलाबाग में निरीक्षण करतीं मुख्य पार्षद अंजलि कुमारी | Prabhat Khabar Network

मौलाबाग में निरीक्षण करतीं मुख्य पार्षद अंजलि कुमारी | Prabhat Khabar Network

Aurangabad News: लगातार बारिश के कारण औरंगाबाद के विभिन्न इलाकों में जलजमाव की गंभीर स्थिति को देखते हुए नगर पर्षद की मुख्य पार्षद अंजलि कुमारी ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जलनिकासी व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त करने और नालों से अवरोध हटाने का निर्देश दिया है.

विज्ञापन

Aurangabad News: लगातार हो रही बारिश के बीच शहर के विभिन्न इलाकों में जलजमाव की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर पर्षद की मुख्य पार्षद अंजलि कुमारी ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने तथा नालों में बने अवरोधों को तत्काल हटाने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को बारिश के मौसम में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.

मौलाबाग, पचकठवा और सिनेमा हॉल रोड का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान मुख्य पार्षद के साथ सशक्त स्थायी समिति के सदस्य जय गोविंद प्रसाद, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि जहांगीर कुरैशी, अमित कुमार तथा नगर पर्षद की जूनियर इंजीनियर नेहा कुमारी भी मौजूद रहीं. टीम ने पचकठवा देवी मंदिर के समीप, सिनेमा हॉल रोड और मौलाबाग क्षेत्र का दौरा कर जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लिया.

मौलाबाग में नाले का पानी कृत्रिम रूप से रोके जाने का मामला आया सामने

मुख्य पार्षद ने बताया कि पचकठवा देवी मंदिर के पास जलजमाव की शिकायत मिलने पर निरीक्षण किया गया, लेकिन वहां कोई विशेष समस्या नहीं मिली. इसके बाद टीम मौलाबाग पहुंची, जहां जांच के दौरान पाया गया कि नाले के पानी का प्रवाह कृत्रिम रूप से रोक दिया गया था. नाले के सामने दीवार खड़ी कर दी गई थी और उसमें सीमेंट की बोरियां डाल दी गई थीं, जिससे पानी का बहाव बाधित हो रहा था और आसपास जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी. मुख्य पार्षद ने संबंधित एजेंसी को तत्काल सभी अवरोध हटाकर नाले की सफाई कराने का निर्देश दिया.

नाले पर पटिया और ओटा बनाने से बढ़ी समस्या

सिनेमा हॉल रोड के निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कई गृहस्वामियों ने नाले के ऊपर पटिया और ओटा का निर्माण कर दिया है, जिससे नाली पूरी तरह ढक गई है. इसके कारण बारिश का पानी नाली में नहीं जा पा रहा और सड़क पर ही जमा हो रहा है. मुख्य पार्षद ने कहा कि इस तरह का अतिक्रमण जलनिकासी व्यवस्था को प्रभावित करता है. ऐसे मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

लोगों से सहयोग की अपील

मुख्य पार्षद अंजलि कुमारी ने संबंधित संवेदकों और एजेंसियों को नालों एवं नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि नगर पर्षद का उद्देश्य शहर के किसी भी हिस्से में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न नहीं होने देना है. साथ ही नागरिकों से अपील की कि वे नालों में कचरा या अन्य सामग्री नहीं फेंकें और जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में नगर पर्षद का सहयोग करें, ताकि बरसात के दौरान शहरवासियों को राहत मिल सके.

इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती



विज्ञापन
Om Prakash

लेखक के बारे में

By Om Prakash

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन