शमशेरनगर में सड़क हादसे में मजदूर की मौत

Updated at : 28 Apr 2025 5:21 PM (IST)
विज्ञापन
शमशेरनगर में सड़क हादसे में मजदूर की मौत

मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जाम की सड़क

विज्ञापन

मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जाम की सड़क प्रतिनिधि, दाउदनगर औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ पर शमशेरनगर बागी टोला के पास अज्ञात वाहन से कुचलकर 25 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान शमशेरनगर बागी टोला निवासी प्रभू राजवंशी के पुत्र प्रवीण कुमार के रूप में की गयी है. घटना रविवार की देर शाम की है. सड़क क्रॉस करने के दौरान किसी अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया. परिजनों व ग्रामीणों द्वारा उसे गंभीर रूप से घायल अवस्था में अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया. यहां के चिकित्सकों ने सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर कर दिया और सदर अस्पताल से भी मगध मेडिकल कॉलेज गया रेफर कर दिया गया. गया ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. इधर, सोमवार की सुबह परिजनों व स्थानीय ग्रामीणों ने मृतक के शव को सड़क पर रख कर सड़क जाम कर दिया. सड़क जाम करने वाले ग्रामीणों द्वारा मृतक के आश्रितों को पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की जा रही थी. इनके द्वारा कहा जा रहा था कि सघन आबादी वाले क्षेत्र में भी अनियंत्रित गति से वाहनों का आवागमन होता है. वाहनों की गति पर कोई अंकुश नहीं लग पा रहा है. इसके कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी. दाउदनगर थाने के अपर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने दलबल के साथ पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त करवाया. दाउदनगर उतरी क्षेत्र के जिला पार्षद अमरेंद्र उर्फ अरविंद यादव, शमशेरनगर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राजू कुमार व उप मुखिया रविरंजन कुमार ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर ढांढ़स बंधाया और सड़क जाम समाप्त करवाने में प्रशासन को सहयोग किया. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है. सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है. ग्रामीणों ने बताया कि प्रवीण मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. एक ट्रैक्टर पर भूसा-कुट्टी से जुड़े कार्य में मजदूरी करता था. पिछले वर्ष ही उसकी शादी हुई थी. सड़क दुर्घटना में प्रवीण की मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. अपर थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SUJIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन