कुटुंबा में दो पालियों में आयोजित गुरु गोष्ठी का किया गया आयोजन

गुरु गोष्ठी में शामिल शिक्षक | Prabhat Khabar Network
कुटुंबा प्रखंड में आयोजित गुरु गोष्ठी में प्रधानाध्यापकों ने विद्यालय संचालन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर चर्चा की। जानिए इस महत्वपूर्ण बैठक की पूरी जानकारी।
फोटो कैप्शन -गुरु गोष्ठी में शामिल विभिन्न विद्यालय के प्रधानाध्यापक अंबा. कुटुंबा प्रखंड मुख्यालय स्थित बहुउद्देशीय भवन में बुधवार को गुरु गोष्ठी में विद्यालय प्रधान शामिल हुए. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहली पाली में डुमरा, डुमरी, संडा, परता, भरौंधा, वर्मा, कर्मा बसंतपुर, बैराव, महाराजगंज व मटपा संकुल के विद्यालय प्रधान जबकि दूसरी पाली में अंबा, कुटुंबा, दधपा, घेउरा, रिसियप, बलिया, तेलहारा, पिपरा बगाही, जगदीशपुर व सूही संकुल के विद्यालय प्रधान भाग लिये. कार्यक्रम का संचालन कर रहे चंद्रशेखर प्रसाद साहू, विनय कुमार गुप्ता, विकास कुमार विश्वास एवं राजीव रंजन कुमार सिंह ने विद्यालय संचालन को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की. विद्यालय के प्रभावी संचालन में प्रधानाध्यापक की भूमिका अहम है. प्रधानाध्यापक केवल विद्यालय का प्रशासनिक प्रमुख नहीं, बल्कि कुशल प्रबंधक, शैक्षणिक गतिविधियों का नेतृत्वकर्ता तथा शिक्षकों, विद्यार्थियों और समुदाय के बीच समन्वय स्थापित करने वाला प्रमुख व्यक्ति होता है. प्रधानाध्यापक के पास विद्यालय प्रशासन, शैक्षणिक व्यवस्था और वित्तीय प्रबंधन की जिम्मेदारियों का सफल निर्वहन करने के लिए धैर्य, नेतृत्व क्षमता, आत्मनियंत्रण एवं बहुकार्य (मल्टी टास्किंग) की दक्षता आवश्यक है. इस दौरान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर भी विशेष चर्चा हुई. कहा गया कि शिक्षा की गुणवत्ता का वास्तविक पैमाना बच्चों में निर्धारित अधिगम प्रतिफल की शत-प्रतिशत प्राप्ति है. बताया गया कि प्रत्येक पाठ के बाद विद्यार्थियों को पर्याप्त अभ्यास कराने तथा विभिन्न विषयों की कार्यपुस्तिकाओं का नियमित पूर्वाभ्यास सुनिश्चित कराने की जरूरत है, ताकि बच्चों की सीखने की क्षमता और शैक्षणिक उपलब्धि में अपेक्षित सुधार हो सके. गुरु गोष्ठी में नीरज पांडेय, लेखापाल अविनाश कुमार, डाटा एंट्री ऑपरेटर विपिन कुमार, अमित कुमार आदि का योगदान सराहनीय रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










