औरंगाबाद में बीपीआरओ-बिहार प्रशासन' लिखी स्कॉर्पियो से शराब बरामद, एक गिरफ्तार

पुलिस के कब्जे में बीपीआरओ लिखी वाहन
औरंगाबाद के जम्होर थाना क्षेत्र में एक बड़ा शराब तस्करी का मामला सामने आया है. पुलिस ने 'BPR0-बिहार प्रशासन' लिखी एक स्कॉर्पियो से शराब बरामद की है और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. यह मामला सरकारी नाम के दुरुपयोग की ओर इशारा कर रहा है.
औरंगाबाद कार्यालय. जम्होर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस ने शराब तस्करी के एक संदिग्ध मामले में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने ‘बीपीआरओ’ और ‘बिहार प्रशासन’ लिखा हुआ स्कॉर्पियो वाहन से एक बोतल बीयर बरामद की है. वहीं वाहन चालक समेत अन्य लोग मौके से फरार हो गए.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, जम्होर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सरकारी वाहन जैसी दिखने वाली स्कॉर्पियो से शराब की तस्करी की जा रही है. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने वाहन की तलाश शुरू की. इसी दौरान संदिग्ध हालत में ‘बीपीआरओ’ और ‘बिहार प्रशासन’ लिखा हुआ स्कॉर्पियो वाहन मिला.
वाहन से मिली बीयर, शराब के नशे में पकड़ा गया युवक
पुलिस ने जब स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें से एक बोतल बीयर बरामद हुई. जांच के दौरान एक व्यक्ति शराब के नशे में पाया गया. पुलिस को देखते ही चालक और अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. मौके से पकड़े गए व्यक्ति की पहचान जोकहरी गांव निवासी सुरभान पासवान के रूप में हुई है.
बीपीआरओ विनोद कुमार वर्मा ने कहा- मेरी नहीं है गाड़ी
मामले की जांच के दौरान बारुण के बीपीआरओ विनोद कुमार वर्मा से भी पुलिस ने जानकारी ली. उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब के साथ पकड़ी गई स्कॉर्पियो उनकी नहीं है. उन्होंने कहा कि उनकी पहचान का फर्जी बोर्ड लगाकर इस वाहन का इस्तेमाल किया जा रहा था. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किसने वाहन पर सरकारी पहचान से जुड़े शब्द लिखवाए और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था.
गिरफ्तार आरोपी पर कार्रवाई, फरार लोगों की तलाश जारी
जम्होर थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस के बयान पर मामला दर्ज कर सुरभान पासवान को गिरफ्तार किया गया है. मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि हुई है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. वहीं फरार चालक और अन्य आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
फर्जी सरकारी पहचान के सहारे चल रहा था अवैध खेल?
पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से जांच रही है. जांच का मुख्य बिंदु यह है कि स्कॉर्पियो पर ‘बीपीआरओ’ और ‘बिहार प्रशासन’ जैसे शब्द किसने लिखवाए और क्या इसके पीछे कोई संगठित शराब तस्करी गिरोह सक्रिय है. वाहन मालिक और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










