भक्ति और उत्साह के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, तीन हजार श्रद्धालु हुए शामिल

Updated:
विज्ञापन
भक्ति, उल्लास और हरिनाम से गूंजा शहर, भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

रथयात्रा में उमड़ा भक्तों का सैलाब

Aurangabad News : अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) औरंगाबाद ने भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलदेव एवं देवी सुभद्रा की भव्य रथयात्रा का आयोजन किया. इस आयोजन में करीब तीन हजार श्रद्धालुओं ने भाग लिया और 'हरे कृष्ण' महामंत्र का संकीर्तन कर शहर को भक्तिमय बना दिया.

विज्ञापन

Aurangabad News : अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) औरंगाबाद की ओर से आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलदेव एवं देवी सुभद्रा की भव्य रथयात्रा शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुई. बाइपास स्थित पंचदेव धाम मंदिर से निकली रथयात्रा में करीब तीन हजार श्रद्धालु शामिल हुए. पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने 'हरे कृष्ण' महामंत्र का सामूहिक संकीर्तन कर शहर को भक्तिमय बना दिया. रथयात्रा का शुभारंभ परम पूज्य भक्ति विलक्षण आत्मा रामानंद कृष्ण चैतन्य स्वामी महाराज के मंगल आशीर्वचन एवं करकमलों से हुआ. इस अवसर पर इस्कॉन गया के अध्यक्ष जगदीश श्याम प्रभु, रेड क्रॉस के अध्यक्ष एवं समाजसेवी सतीश सिंह, चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि मुकेश कुमार सहित कई गणमान्य नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे. सभी ने भगवान श्री जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर रथयात्रा का शुभारंभ किया.

इन मार्गों से गुजरी रथयात्रा

रथयात्रा पंचदेव धाम मंदिर से निकलकर रमेश चौक, धर्मशाला मोड़, नगर थाना, सिन्हापुर मोड़ होते हुए फार्म मोड़ स्थित इस्कॉन मंदिर पहुंची. पूरे मार्ग में श्रद्धालु मृदंग, करताल और हरिनाम संकीर्तन के साथ नृत्य करते हुए आगे बढ़ते रहे. 'हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे. हरे राम, हरे राम, राम राम, हरे हरे.' महामंत्र की गूंज से पूरा शहर भक्तिरस में सराबोर हो गया. जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया और भगवान के दर्शन किए.

रथ की रस्सी खींचकर श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

रथयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ के रथ की पवित्र रस्सी खींचकर स्वयं को धन्य माना. वैदिक मान्यताओं के अनुसार भगवान की रथयात्रा में शामिल होना, रथ के दर्शन करना और उसकी रस्सी खींचना अत्यंत शुभ एवं आध्यात्मिक कल्याणकारी माना जाता है. इस आयोजन ने नगर में प्रेम, भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया.

महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन

पूरे रथयात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं के बीच भगवान श्री जगन्नाथ का महाप्रसाद वितरित किया गया. समापन के बाद इस्कॉन मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया. रथयात्रा के सफल आयोजन में इस्कॉन औरंगाबाद के भक्तों, स्वयंसेवकों, विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रशासन और नगरवासियों का सराहनीय सहयोग रहा. इस्कॉन औरंगाबाद के अध्यक्ष अभय अच्युत दास तथा जनसंपर्क प्रमुख युगनायक दास ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया.

Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल



विज्ञापन
Sudhir Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Sudhir Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन