दाउदनगर में रविवार से शुरू होगा सरस्वती विद्या निकेतन, मुख्यमंत्री करेंगे वर्चुअल उद्घाटन

Author Om Prakash|Edited by Yuvraj Ratan
Updated:
विज्ञापन

राष्ट्रीय इंटर स्कूल दाउदनगर

Aurangabad News : बिहार सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत दाउदनगर के राष्ट्रीय इंटर स्कूल को 'सरस्वती विद्या निकेतन' (मॉडल स्कूल) के रूप में विकसित किया गया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को वर्चुअल माध्यम से इसका उद्घाटन करेंगे. यह पहल ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के छात्रों को आधुनिक, तकनीक-आधारित शिक्षा प्रदान करेगी.

विज्ञापन

Aurangabad News : बिहार सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत राज्य के सभी प्रखंडों में विकसित किए जा रहे आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय 'सरस्वती विद्या निकेतन' का शुभारंभ रविवार से होगा. इसी कड़ी में दाउदनगर के राष्ट्रीय इंटर स्कूल को सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) के रूप में विकसित किया गया है. इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे.

आपके शहर में

विज्ञापन

उद्घाटन समारोह की सभी तैयारियां पूरी

उद्घाटन समारोह को लेकर विद्यालय परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा विद्यालय भवन का रंग-रोगन कर उसे नया और भव्य स्वरूप दिया गया है. कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की भी भागीदारी रहेगी.

विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. सैयद अहमद ताहिर सैफुल्लाह ने बताया कि कार्यक्रम में काराकाट सांसद, ओबरा विधायक तथा दाउदनगर अनुमंडल पदाधिकारी को आमंत्रित किया गया है.

स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और विज्ञान प्रयोगशाला की होगी सुविधा

प्रधानाध्यापक ने बताया कि मॉडल स्कूल के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. विद्यालय में आधुनिक शिक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, विज्ञान प्रयोगशाला और समृद्ध पुस्तकालय की व्यवस्था की गई है. फिलहाल एक कक्ष में सरस्वती विद्या निकेतन की पढ़ाई शुरू होगी.

दो नए शिक्षक नियुक्त, पुराने शिक्षक भी संभालेंगे जिम्मेदारी

शिक्षा विभाग द्वारा एक हिंदी और एक उर्दू शिक्षक की प्रतिनियुक्ति की गई है. इसके अलावा राष्ट्रीय इंटर स्कूल में पहले से कार्यरत हाई स्कूल के नौ तथा प्लस-टू के आठ शिक्षक भी आवश्यकता के अनुसार कक्षाओं का संचालन करेंगे. विद्यालय में प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक नियमित कक्षाएं संचालित होंगी.

पहले चरण में 40 विद्यार्थियों का हुआ नामांकन

विद्यालय में प्रथम चरण में 40 विद्यार्थियों का नामांकन किया गया है. इन्हीं छात्रों के साथ नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी. भविष्य में सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नामांकन और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा.

यूनिफॉर्म मिलने के बाद निर्धारित ड्रेस में आएंगे विद्यार्थी

प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए निर्धारित यूनिफॉर्म अभी उपलब्ध नहीं हो सकी है. जानकारी के अनुसार ड्रेस तैयार करने की जिम्मेदारी जीविका को सौंपी गई है, लेकिन अब तक इसकी आपूर्ति नहीं हो पाई है. जैसे ही यूनिफॉर्म उपलब्ध होगी, सभी छात्र-छात्राएं निर्धारित ड्रेस में ही विद्यालय आएंगे.

औरंगाबाद जिले के 11 प्रखंडों में शुरू होंगे 14 मॉडल स्कूल

सूत्रों के अनुसार औरंगाबाद जिले के 11 प्रखंडों में कुल 14 सरस्वती विद्या निकेतन की शुरुआत रविवार से की जा रही है. इन आधुनिक मॉडल स्कूलों का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उनके अपने प्रखंड में ही गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना है. हाल ही में शिक्षा विभाग ने इन विद्यालयों के लिए विशेष शिक्षकों की नियुक्ति तथा उनका आवासीय प्रशिक्षण भी पूरा कराया है. सरकार की इस पहल से दाउदनगर सहित पूरे जिले के विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से युक्त शिक्षा का लाभ मिलेगा और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा.

क्षेत्र के लोगों में उत्साह, बेहतर शिक्षा की जगी उम्मीद

स्थानीय लोगों का मानना है कि सरस्वती विद्या निकेतन की शुरुआत से क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण सुविधाओं का लाभ मिलेगा. लोगों ने उम्मीद जताई कि यह विद्यालय भविष्य में दाउदनगर और आसपास के मेधावी छात्रों के लिए उत्कृष्ट शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा.

Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन