औरंगाबाद: पंचायत विकास दिवस पर सुशासन युक्त ग्राम पंचायत के निर्माण का लिया संकल्प

Updated:
विज्ञापन
कार्यक्रम का उद्घाटन करतीं डीडीसी व अन्य अधिकारी  कार्यक्रम में उपस्थित लोग  | Prabhat Khabar Network

कार्यक्रम का उद्घाटन करतीं डीडीसी व अन्य अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित लोग | Prabhat Khabar Network

औरंगाबाद में पंचायत विकास दिवस के अवसर पर 'सुशासन युक्त ग्राम पंचायत' थीम के साथ जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया. इस दौरान 17 प्रमुख विकास लक्ष्यों पर विचार-विमर्श किया गया और बेटियों की शिक्षा व बाल विवाह उन्मूलन पर जोर दिया गया.

विज्ञापन

Aurangabad News : औरंगाबाद के बारुण प्रखंड के धमनी पंचायत सरकार भवन में रविवार को पंचायत विकास दिवस पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन "सुशासन युक्त ग्राम पंचायत" थीम के साथ किया गया. जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत से हुई.

17 विकास लक्ष्यों पर मंथन

कार्यक्रम के दौरान आयोजित विचार गोष्ठी में गरीबी उन्मूलन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य, लैंगिक समानता, रोजगार, जलवायु संरक्षण, स्वच्छता, न्याय, सशक्त संस्थान और सतत विकास सहित 17 प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई.

ग्राम सभा तय करेगी विकास योजनाओं की प्राथमिकता

जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद ने कहा कि विशेष ग्राम सभा के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2026-27 की विकास योजनाओं का चयन किया जा रहा है. ग्राम सभा से चयनित योजनाओं को पोर्टल पर अपलोड कर प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जाएगा. उन्होंने ग्रामीणों से स्थानीय समस्याओं और विकास संबंधी सुझाव ग्राम सभा में रखने की अपील की.

बेटियों को स्नातक तक पढ़ाने का आह्वान

उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह ने कहा कि पंचायत विकास दिवस ग्रामीणों को अपनी पंचायत के विकास की दिशा तय करने का अवसर देता है. उन्होंने अभिभावकों से प्रत्येक बेटी को स्नातक तक शिक्षा दिलाने का संकल्प लेने की अपील की. साथ ही बाल विवाह उन्मूलन और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया.

स्वच्छता कर्मियों का हुआ सम्मान

समारोह में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता पर्यवेक्षकों और कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया. उप विकास आयुक्त ने जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और उनके उत्पादों की सराहना करते हुए सामग्री खरीदकर उनका उत्साहवर्धन किया. कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, जीविका दीदियां, आशा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.


विज्ञापन
Sudhir Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Sudhir Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन