औरंगाबाद: डॉ. पारस नाथ सिंह बने सीतयोग यूनिवर्सिटी के पहले कुलपति, पदभार ग्रहण कर विश्वविद्यालय को नई ऊंचाई तक ले जाने का लिया संकल्प
डॉ पारस को सम्मानित करते डॉ राजेश
सीतयोग यूनिवर्सिटी को मिली नई पहचान, डॉ. पारस नाथ सिंह ने पहले कुलपति के रूप में पदभार संभाला. 23 साल के अपने विशाल शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव से विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का लिया संकल्प.
Sitayoga University Aurangabad: बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी एवं विभिन्न विषयों के जानकार डॉ. पारस नाथ सिंह ने मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित सीतयोग यूनिवर्सिटी के पहले कुलपति के रूप में पदभार ग्रहण किया. पदभार ग्रहण करने से पूर्व उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. राजेश कुमार सिंह एवं कुलाध्यक्ष कुमार योगेंद्र नारायण सिंह के समक्ष पद एवं गोपनीयता की शपथ ली.
आपके शहर में
शपथ ग्रहण के बाद कुलाधिपति डॉ. राजेश कुमार सिंह ने डॉ. पारस नाथ सिंह को अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं बुके देकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह के कार्यकाल में सीतयोग विश्वविद्यालय नई ऊंचाइयों को छुएगा. उनके ज्ञान, अनुभव और प्रशासनिक क्षमता का लाभ संस्थान को मिलेगा.
प्रतिभाशाली और कुशल प्रशासक हैं डॉ. पारस नाथ सिंह
कुलाध्यक्ष कुमार योगेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि डॉ. पारस नाथ सिंह प्रतिभाशाली एवं ज्ञानवान होने के साथ-साथ कुशल प्रशासक भी हैं. उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय को बेहतर दिशा मिलने की उम्मीद है.
विश्वविद्यालय को सर्वोच्च स्तर तक पहुंचाने का संकल्प
पदभार ग्रहण करने के बाद कुलपति डॉ. पारस नाथ सिंह ने कहा कि सीतयोग यूनिवर्सिटी का कुलपति बनाए जाने पर वे स्वयं को सौभाग्यशाली और गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विश्वविद्यालय को सर्वोच्च स्तर तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करेंगे और पद की गरिमा का सदैव ध्यान रखेंगे.
23 वर्षों का है शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव
बताया गया कि डॉ. सिंह ने अपने 23 वर्षों के कार्यकाल में आंध्र प्रदेश, मध्यप्रदेश, ओडिशा एवं कर्नाटक में विभिन्न विषयों के प्रोफेसर, विभागाध्यक्ष एवं डीन के रूप में कार्य किया है. उन्हें एक दर्जन से अधिक राष्ट्रीय पुरस्कार एवं चार अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं. मौके पर प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार झा, रजिस्ट्रार एसपी सिंह समेत विश्वविद्यालय के कई अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए