स्वतंत्रता दिवस पर औरंगाबाद में हाई अलर्ट, होटल-वाहनों की होगी सघन जांच; SP ने जारी किए कड़े निर्देश
औरंगाबाद पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर औरंगाबाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने और संवेदनशील स्थानों की सघन जांच के निर्देश दिए हैं.
Aurangabad Independence Day: स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) को लेकर औरंगाबाद पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने सभी एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक, सर्किल इंस्पेक्टर, थानाध्यक्ष एवं शाखा प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं.
होटल, वाहन और संवेदनशील स्थानों की होगी सघन जांच
एसपी ने निर्देश दिया है कि 15 अगस्त के मद्देनजर सभी थाना क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए. थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में वाहनों, होटलों और अन्य संवेदनशील स्थानों की सघन जांच सुनिश्चित करेंगे. संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है.
लगातार गश्त कर लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने का निर्देश
पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार गश्त करने और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के निर्देश दिए गए हैं. बैंक, एटीएम और सीएसपी केंद्रों के आसपास नियमित गश्ती बढ़ाने के साथ रात के समय संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने को भी कहा गया है. किसी भी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है.
फरार आरोपितों की गिरफ्तारी पर रहेगा फोकस
बैठक में लंबित वारंटों के निष्पादन, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, मोटरसाइकिल चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए. साथ ही थानों में आने वाले फरियादियों की शिकायतों का शीघ्र निष्पादन, अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाने, समयबद्ध प्राथमिकी दर्ज करने और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने को कहा गया.
झारखंड बॉर्डर पर शराब तस्करों पर रहेगी विशेष नजर
पुलिस अधीक्षक ने शराबबंदी कानून के प्रभावी अनुपालन, अवैध बालू खनन पर कार्रवाई, सड़क दुर्घटना मामलों के समय पर निष्पादन तथा जेल से छूटे अपराधियों की निगरानी पर भी विशेष जोर दिया. उन्होंने निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी सुरक्षा उपायों का सख्ती से पालन किया जाए. विशेष रूप से झारखंड सीमा से सटे क्षेत्रों में शराब की तस्करी और अवैध धंधे में शामिल लोगों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.
Also Read: राजद नई टीम क्यों बना रही है? जानिए संगठन भंग करने के पीछे की वजह
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










