डेहरी EO हत्याकांड का खुलासा: गाड़ी में विवाद के बाद लोहे की रॉड से किया था हमला, ड्राइवर गिरफ्तार

अस्पताल में पुलिस पदाधिकारी व अन्य
डेहरी नगर परिषद के EO विमल कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है। विवाद के बाद लोहे की रॉड से की गई थी अधिकारी की हत्या।
Dehri Nagar Parishad EO Murder : औरंगाबाद जिले में डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए बड़ा खुलासा किया है. इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने मृतक अधिकारी के ही चालक मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच रास्ते में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद चालक ने वारदात को अंजाम दिया. हालांकि पुलिस अब भी इस मामले को सिर्फ आपसी झगड़ा मानने के बजाय अन्य एंगल से भी जांच कर रही है.
पटना जाने के दौरान हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, विमल कुमार अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से डेहरी से पटना जा रहे थे. वे बारुण थाना क्षेत्र के धनौती पुल और लख डीहरा के बीच नहर मार्ग से गुजर रहे थे. इसी दौरान सुनसान इलाके में किसी बात को लेकर अधिकारी और चालक मिथिलेश कुमार के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
बताया जा रहा है कि विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और देखते ही देखते हिंसक हो गया. आरोप है कि गुस्से में आकर चालक ने गाड़ी में रखी लोहे की रॉड उठा ली और विमल कुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले में अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. घायल अधिकारी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी.
चालक की गिरफ्तारी, पूछताछ जारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया. उससे लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके. पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी और क्या यह घटना अचानक हुई या इसके पीछे कोई पहले से तनाव चल रहा था.
सिर्फ विवाद या बड़ी साजिश
हालांकि मामले में गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन पुलिस अभी इसे पूरी तरह साधारण विवाद का परिणाम मानकर संतुष्ट नहीं है. जांच टीम इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि कहीं इस हत्या के पीछे कोई गहरी साजिश या प्रशासनिक रंजिश तो नहीं थी.
रोहतास और औरंगाबाद दोनों जिलों के वरीय अधिकारी भी इस केस पर नजर बनाए हुए हैं. तकनीकी जांच, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










