मोहनिया से गायब फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर का कुटुंबा में मिला शव

Updated at : 14 Sep 2024 10:27 PM (IST)
विज्ञापन
मोहनिया से गायब फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर का कुटुंबा में मिला शव

प्रयागराज के मेजा थाना अंतर्गत प्राणीपुर गांव का था रहने वाला

विज्ञापन

अंबा. कैमूर जिले के मोहनिया से छह सितंबर को गायब युवक अभिषेक पांडेय का शव अपहरण के नौ दिन बाद कुटुंबा थाना क्षेत्र के उत्तर कोयल नहर बतरे नदी के समीप से शनिवार की शाम बरामद किया गया है. शव बरामद के समय अंबा थानाध्यक्ष राहुल राज, कुटुंबा थाना के पुलिस पदाधिकारी प्रशांत त्रिवेदी, रवि शंकर कुमार के साथ-साथ मोहनिया व यूपी की पुलिस भी मौजूद थी. शव की पहचान प्रयागराज जिला अंतर्गत मेजा थाना क्षेत्र के परानीपुर गांव निवासी अभिषेक पांडेय (32 वर्ष) के रूप में की गयी है. पता चला कि अभिषेक मोहनिया में चोलामंडलम फाइनेंस कंपनी में ब्रांच मैनेजर के रूप में कार्य करता था. परिजनों ने बताया कि छह सितंबर से वह अचानक गायब हो गया था. सहकर्मियों ने इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी. सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मोहनिया थाने में उसकी गुमशुदगी से संबंधित रिपोर्ट दर्ज करायी. परिजन मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसका पता लगाने में जुट गये. मृतक के चाचा जयशंकर पांडेय के अनुसार अपहरणकर्ता अभिषेक को अपहरण कर नवीनगर रोड स्टेशन लाये. नवीनगर रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी फुटेज में उसे देखा गया है. मोबाइल लोकेशन के आधार पर खोजते हुए परिजन पांडेपुर गांव पहुंचे जहां नहर किनारे यात्री शेड में मृतक का आइडी कार्ड, बैग, पर्स, एटीएम, जूता एवं अन्य सामग्री बिखरा हुआ मिला. यात्री शेड में खून के धब्बे एवं शव को घसीट कर नहर तक ले जाने के निशान भी मिले. खून के धब्बे एवं घसीट का निशान मिलने के बाद परिजनों को हत्या की आशंका हो गई. परिजनों के आग्रह पर भीम बराज से आरएमसी गेट डाउन कर दिया गया. उसके बाद नहर में पानी कम होने पर युवक का शव दिखाई दिया. घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकाला तथा अपने कब्जे में लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया गया. थानाध्यक्ष अक्षयवर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा जाएगा. युवक के मौत से जुड़ी सभी बिंदुओं पर जांच -पड़ताल की जा रही है.

सीसीटीवी फुटेज में कैद है कई साक्ष्य

घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के चाचा संजय कुमार पांडेय ने बताया कि वे यूपी के रायबरेली में एसआइ के पद पर तैनात हैं. भतीजे के गायब होने की सूचना मिलते ही वे अपने अन्य परिजनों के साथ मोहनिया पहुंचे तथा उसकी खोजबीन शुरू की. उनका अनुभव काम आया. उन्होंने स्थानीय पुलिस के सहयोग से विभिन्न जगहों पर सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो मोहनिया रेलवे स्टेशन पर वह एक ट्रेन में चढ़ते हुए दिखा. इसके बाद नवीनगर रोड स्टेशन पर वह उतर गया. नवीनगर रोड रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गयी तो उसके साथ एक युवती दिखी. वहीं उसके आसपास तीन-चार लोग दिख रहे हैं. महिला का इशारा करने पर वह उक्त लोगों के साथ चला गया. जबकि, सीसीटीवी फुटेज में उक्त महिला दूसरे दरवाजे से स्टेशन से बाहर जाते हुए दिख रही है. कुछ देर के बाद युवक एक बाइक पर बैठकर स्टेशन के बाहर जाते हुए दिखाई दे रहा है. इससे स्पष्ट हो गया कि उक्त युवक नवीनगर के ही आसपास है. परिजनों ने किसी तरह उसका मोबाइल लोकेशन ट्रैक करवाया तो लास्ट लोकेशन नवीनगर थानाक्षेत्र के पांडेयपुर गांव में मिला.

एक सप्ताह पहले नहर में देखा गया था युवक का शव

एक सप्ताह पूर्व यानी सात सितंबर को कुछ लोगों ने ढिबर पिपरा गांव के समीप उत्तर कोयल नहर में युवक का शव देखा था. जिसका दोनों हाथ बंधा हुआ था. स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी कुटुंबा पुलिस को दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को ढूंढने का प्रयास किया लेकिन नहर में पानी अधिक होने के कारण शव नहीं मिला.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन