औरंगाबाद में शहर के पार्कों में बढ़ा योग का क्रेज, हर उम्र के लोग अपना रहे स्वस्थ जीवनशैली
राजेंद्र प्रसाद बाल उद्यान में योग करते लोगा | Prabhat Khabar Network
बदलती जीवनशैली और तनाव के बीच औरंगाबाद के प्रमुख पार्कों में निशुल्क योग कक्षाओं का आयोजन हो रहा है. बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी इसमें भाग लेकर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं, जिससे पार्कों का वातावरण सकारात्मक ऊर्जा से भर रहा है.
Aurangabad News : बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के बीच स्वस्थ रहने की चाह लोगों को तेजी से योग की ओर आकर्षित कर रही है. शहर के प्रमुख पार्कों में इन दिनों नियमित रूप से निशुल्क योग कक्षाओं का आयोजन हो रहा है, जहां बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में भाग लेकर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं. सुबह की ताजी हवा के बीच योगाभ्यास से पार्कों का वातावरण स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर नजर आ रहा है.
आपके शहर में
प्रशिक्षकों की देखरेख में सीख रहे योग की बारीकियां
दानी बिगहा स्थित सत्येंद्र नारायण सिन्हा पार्क और राजेंद्र प्रसाद बाल उद्यान सहित शहर के कई पार्कों में अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया जा रहा है. प्रशिक्षक प्रतिभागियों को योग करने की सही विधि और उससे होने वाले स्वास्थ्य लाभ की विस्तृत जानकारी भी दे रहे हैं. लगातार बढ़ रही भागीदारी से लोगों में स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता स्पष्ट दिखाई दे रही है.
योग को बताया स्वस्थ जीवन का सबसे सरल उपाय
पतंजलि किसान के जिला प्रभारी बृजमोहन शर्मा ने कहा कि अनियमित दिनचर्या, तनाव और गलत खान-पान के कारण लोग कई गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं. ऐसे में योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का सबसे सरल, सस्ता और प्रभावी माध्यम है. उन्होंने कहा कि प्रतिदिन 30 से 45 मिनट योग करने से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है और दवाओं पर निर्भरता भी कम होती है. उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से योग को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की.
लाफ्टर योग बना लोगों के आकर्षण का केंद्र
योग कक्षाओं में लाफ्टर योग (हंसी योग) लोगों के बीच खासा लोकप्रिय हो रहा है. सत्येंद्र नारायण सिन्हा पार्क और राजेंद्र प्रसाद बाल उद्यान में जब दर्जनों लोग एक साथ खुलकर ठहाके लगाते हैं तो पूरा पार्क सकारात्मक ऊर्जा से गूंज उठता है. प्रशिक्षकों के अनुसार, लाफ्टर योग तनाव कम करने, मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बनाने, फेफड़ों को मजबूत करने और शरीर में नई ऊर्जा का संचार करने में काफी लाभदायक है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए