औरंगाबाद : पश्चिम बंगाल से आगरा जा रही बस NH-19 पर पलटी, ताजमहल देखने जा रहे 13 पर्यटक घायल
दुर्घटनाग्रस्त बस
Aurangabad Bus Accident : औरंगाबाद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक हादसा होते-होते टल गया. पश्चिम बंगाल से आगरा जा रही पर्यटकों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 13 लोग घायल हो गए. गनीमत रही कि किसी की मौत नहीं हुई और सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
Aurangabad Bus Accident : औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र में बुधवार की मध्यरात्रि के बाद सड़क हादसा होते-होते बच गया. राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सीरीस के पास पश्चिम बंगाल से आगरा जा रही पर्यटकों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गयी. हादसे में 13 लोग घायल हुए हैं. राहत की बात रही कि किसी यात्री की मौत नहीं हुई. सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बतायी गयी है.
आपके शहर में
आधी रात के बाद सीरीस के पास पलटी पर्यटकों से भरी बस
बारुण थाना क्षेत्र के सीरीस के पास बुधवार की देर रात पर्यटकों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गयी. बस पश्चिम बंगाल से उत्तर प्रदेश के आगरा जा रही थी. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी, लेकिन समय रहते राहत-बचाव शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया.
कोलकाता से ताजमहल देखने निकले थे पर्यटक
बस में सवार सभी पर्यटक पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के सोनामुखी थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं. सभी टूरिस्ट बस से कोलकाता से आगरा के ऐतिहासिक ताजमहल और अन्य दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करने के लिए निकले थे. आगरा की यात्रा के दौरान बस औरंगाबाद के बारुण इलाके में पहुंची थी.
चालक को नींद की झपकी आने से बिगड़ा नियंत्रण
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, दुर्घटना की वजह चालक को नींद की तेज झपकी आना बतायी गयी है. झपकी आने के बाद चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा. इसके बाद तेज रफ्तार बस सड़क किनारे लगी लोहे की बैरिकेडिंग से टकरायी और पलट गयी.
जोरदार आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण
बस के बैरिकेडिंग से टकराने की आवाज काफी तेज थी. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़े. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एनएचएआई की आपातकालीन सेवा को घटना की सूचना दी. इसके बाद राहत-बचाव का काम शुरू किया गया.
बस में फंसे यात्रियों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलते ही बारुण थाना पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची. बस के अंदर फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया. इसके बाद एंबुलेंस और पुलिस वाहनों की मदद से सभी घायलों को औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया.
हादसे में 13 लोग हुए घायल
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में रीता सूतोधर, दिलीप बुंडू, हीरा बुंडू, शेफाली भुई, झाना बाबरी, नेमाई शिष्ट, रौतन मंडल, सोनामुखी, मालवती घोष, महाबली उरांव, चांद सूतोधर, मुराली कारक और बस खलासी शेख अशरफ घायल हुए हैं. घायलों की उम्र करीब 45 से 68 वर्ष के बीच बतायी गयी है.
सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर
बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आयी है. थानाध्यक्ष के अनुसार सभी घायल फिलहाल खतरे से बाहर हैं और अस्पताल में उपचार के बाद यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है.
परिजनों को दी गयी हादसे की सूचना
पुलिस के अनुसार हादसे की जानकारी घायलों के परिजनों को दे दी गयी है. दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य कर दिया गया.
Also Read : औरंगाबाद में रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में बढ़ी रौनक, रंग-बिरंगी राखियों से सजीं दुकानें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए