ओबरा में ग्राम रक्षा दल का 30 दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित
जनप्रतिनिधियों ने प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित | Prabhat Khabar Network
ओबरा प्रखंड में 30 दिवसीय ग्राम रक्षा दल प्रशिक्षण का समापन समारोह आयोजित हुआ, जिसमें 880 प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र दिए गए. प्रशिक्षणार्थियों ने अनुशासित परेड से अतिथियों का स्वागत किया. कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था में ग्राम रक्षा दल की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया.
ओबरा प्रखंड मुख्यालय स्थित उच्च विद्यालय के खेल मैदान में प्रखंड के ग्राम रक्षा दल के सदस्यों का 30 दिवसीय प्रशिक्षण गुरुवार को राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ. प्रशिक्षण के समापन अवसर पर समारोह आयोजित कर प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं ने अनुशासित परेड के माध्यम से अतिथियों को सलामी दी और उन्हें मंच तक पहुंचाया.
आपके शहर में
समारोह में मुख्य अतिथि ग्राम रक्षा दल के जिला अध्यक्ष कुमार गौरव, जिला संगठन मंत्री सुनील कुमार यादव, प्रखंड अध्यक्ष रामप्रसाद साव, सुनील कुमार पांडेय, प्रशिक्षक रॉकी कुमार, मृत्युंजय कुमार व नागेंद्र सिंह सहित विभिन्न पंचायतों के मुखिया, सरपंच, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे.
डिहरा पंचायत मुखिया लवली सिंह के प्रतिनिधि पिंटू सिंह, सरसौली मुखिया रेखा देवी के प्रतिनिधि अशोक मेहता, अमीलौना मुखिया दिनेश राम, करसांव मुखिया तुफैल अंसारी, ओबरा के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि प्रमोद भगत, कारा पंचायत सरपंच उमा यादव एवं सेवानिवृत्त जनसेवक रामइसरेश सिंह सहित अन्य अतिथियों ने समारोह में सहभागिता की.
कार्यक्रम की अध्यक्षता सुनील कुमार पांडेय ने की, जबकि संचालन रतनपुर पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि संतोष कुमार शर्मा ने किया. जिला अध्यक्ष कुमार गौरव ने मंचासीन अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया. इसके बाद अतिथियों ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले ग्राम रक्षा दल के सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
अतिथियों ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान को ग्रामीण क्षेत्रों में निष्पक्षता, ईमानदारी और निष्ठा के साथ लागू करें. बढ़ते अपराध के बीच ग्राम रक्षा दल के सदस्य पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर अपने-अपने क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.
जिला अध्यक्ष कुमार गौरव ने बताया कि करीब 30 दिनों तक चले प्रशिक्षण में कुल 880 प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया. उन्होंने कहा कि ग्राम रक्षा दल की विभिन्न मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया गया है.
समारोह में उस समय भावुक एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बन गया, जब ग्राम रक्षा दल की महिला सिपाहियों ने जिला अध्यक्ष कुमार गौरव एवं अन्य पदाधिकारियों की कलाई पर राखी बांधी. महिला सिपाहियों ने इस पहल के माध्यम से भाई-बहन के प्रेम, आपसी सम्मान और सामाजिक एकता का संदेश दिया. वहीं प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षक रॉकी सिंह के प्रति आभार जताते हुए उनके समर्पण और मेहनत की सराहना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए