छालीदोहर में नव निर्मित विद्यालय भवन का उद्घाटन, विधायक बोले- शिक्षा का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करते स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार सिंह
Aurangabad News : मदनपुर के छालीदोहर में नवनिर्मित उच्च माध्यमिक विद्यालय का उद्घाटन हुआ. विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने शिक्षा विकास और बेहतर सुविधाओं का आश्वासन दिया.
Aurangabad News : मदनपुर प्रखंड की नीमा आंजन पंचायत अंतर्गत छालीदोहर स्थित नव निर्मित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय भवन का उद्घाटन शनिवार को स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने फीता काटकर किया. इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य मोहन कुमार मेहता ने की, जबकि संचालन शिक्षक उमेश कुमार एवं सुभाष कुमार ने संयुक्त रूप से किया. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से विधायक को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया.
शिक्षा का विकास हमारी प्राथमिकता: विधायक
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, छालीदोहर का हरसंभव विकास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि नीमा आंजन पंचायत उनके विकास कार्यों की प्राथमिकता में शामिल है. विकास ही उनका ध्येय है और सरकार की मंशा है कि शिक्षा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने बजट का लगभग 27 प्रतिशत हिस्सा शिक्षा पर खर्च कर रही है. साथ ही बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं.
प्रखंड में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहा विस्तार
विधायक ने कहा कि मदनपुर प्रखंड में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विस्तार हो रहा है. स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़े, इसके लिए प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना की गई है. इसके अलावा बेरी में मॉडल स्कूल की स्थापना भी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है. उन्होंने आश्वासन दिया कि छालीदोहर विद्यालय के अर्धनिर्मित भवन का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा. साथ ही विद्यालय में प्रयोगशाला की व्यवस्था और परिसर में पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य भी कराया जाएगा.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा सभी का मन
उद्घाटन समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया. इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने 'बिहार गीत' की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. वहीं बारहमासा, कजरी और छठ गीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में समां बांध दिया. बच्चों की प्रतिभा की सभी ने सराहना की और देर तक तालियों की गूंज सुनाई देती रही.
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी संजीव कुमार, विधायक प्रतिनिधि प्रो. संतोष कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि सत्येंद्र सिंह, सुनील कुमार सिंह, चंद्रशेखर सिंह, धनंजय सिंह, विनय कुमार सिंह, शंभू कुमार सिंह, दिलीप सिंह, शिक्षक फिरोज अहमद, जया केसरी, विनीत कुमार, हुलास ठाकुर, रंजन कुमार, रवि कुमार, रविंद्र बिंद, नागेंद्र बहादुर, जय मंगल प्रसाद सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










