औरंगाबाद में 'पुलिस दीदी' अभियान के तहत छात्राओं को किया जागरूक, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

छात्राओं को जागरूक करती पुलिस दीदी की टीम
Aurangabad News : मदनपुर के स्कूल में पुलिस दीदी अभियान के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया.
Aurangabad News : प्रखंड के प्रोजेक्ट जयप्रभा कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को 'पुलिस दीदी' अभियान के तहत मदनपुर थाना की पुलिस ने छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया. कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और कानूनी अधिकारों को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई.
महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों पर किया जागरूक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मदनपुर थाना की महिला एसआई सुमिता कुमारी एवं अन्य पुलिस दीदियों ने छात्राओं से कहा कि वे किसी भी प्रकार के डर या संकोच में न रहें. यदि कोई व्यक्ति उनके साथ छेड़छाड़ करता है, अभद्र टिप्पणी करता है, पीछा करता है या किसी भी तरह से परेशान करता है, तो इसकी जानकारी तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि समय पर दी गई सूचना से अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई संभव हो पाती है.
गुड टच और बैड टच की दी विस्तृत जानकारी
एसआई सुमिता कुमारी ने छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से बताया. उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति गलत तरीके से छूने का प्रयास करे या किसी भी तरह से असहज महसूस कराए, तो छात्राएं बिना किसी डर के तुरंत इसका विरोध करें और इसकी जानकारी अपने माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस को दें. उन्होंने छात्राओं से अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी घटना को छिपाने के बजाय खुलकर बताने की अपील की.
साइबर सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को साइबर सुरक्षा, डायल 112, महिला हेल्पलाइन और पॉक्सो एक्ट की भी जानकारी दी गई. पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी से बचने, ओटीपी, बैंक खाते या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी.
विद्यालय परिवार और छात्राएं रहीं मौजूद
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक हरिनंदन विश्वकर्मा, शिक्षिका प्रियंका कुमारी, सोनी कुमारी, शिक्षक सुशील कुमार, सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं. इनमें ज्योति कुमारी, रानी कुमारी, पूजा कुमारी, दिव्या कुमारी, कविता कुमारी, आरिफा फिरदौस, गुलनाज आमना सहित अन्य छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










