औरंगाबाद में मेघगर्जन के साथ गिरा ठनका, धान का बिचड़ा उखाड़ रहे किसान की वज्रपात से मौत
bihar news in hindi.
औरंगाबाद जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खान कपसिया गांव में खेत में काम कर रहे एक 36 वर्षीय युवा किसान की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गयी. मृतक की पहचान उक्त गांव निवासी शिव महतो के इकलौते पुत्र सुभाष कुमार महतो के रूप में हुई है. घटना बुधवार की दोपहर की बतायी जा रही है.
Bihar News: औरंगाबाद में मेघगर्जन के साथ ठनका गिरने से एक किसान की मौत हो गयी है. यह घटना उस वक्त हुई, जब किसान अपने खेत में धान की रोपनी कर रहा था. मृतक सुभाष धान रोपने के लिए खेत से बिचड़ा उखाड़ रहा था, इसी दौरान अचानक तेज बारिश होने लगी. इसके बाद भी वह खेत में काम करते रहा. क्षणभर में तेज आवाज के साथ उसी जगह पर वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में वह आ गया. घटनास्थल पर ही सुभाष की मौत हो गयी.
आनन-फानन में इलाज के लिए पहुंचाया गया सदर अस्पताल
जानकारी मिली कि आसपास के खेतों में काम कर रहे अन्य किसानों की नजर मूर्छित अवस्था में पड़े सुभाष पर गयी, तो शोरगुल मचाया. शोरगुल की आवाज सुनकर आसपास के किसान व परिजन पहुंचे और उसे जिंदा समझकर आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, तब तक देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने नब्ज टटोलते ही मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर सुनते ही परिजन शव से लिपटकर चीत्कार उठे. परिजनों की चीत्कार से सदर अस्पताल का कोना-कोना दहल उठा. इसके बाद घटना की सूचना नगर थाना की पुलिस को दी गयी.
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कराया पोस्टमार्टम
सूचना पर नगर थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर परिजनों से जरूरी पूछताछ के उपरांत पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करायी. परिजनों ने बताया कि सुभाष की पांच बेटियां व एक बेटा है. अब छह बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया. घटना के बाद से पत्नी बसंती देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, तो गांव में मातम पसरा हुआ है.
क्या कहते हैं थानेदार
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि खान कपसिया गांव में वज्रपात की चपेट में आने से एक किसान की मौत हुई है. फिलहाल, नगर थाना की पुलिस की ओर से शव का पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. परिजनों से आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. जिला पार्षद अनिल यादव, समाजसेवी जवाहिर मेहता, नौगढ़ पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि पंकज कुमार यादव, पैक्स अध्यक्ष छोटू सिंह आदि ने घटना पर दुख जताया और परिजनों को ढांढ़स बंधाया.
शव वाहन के लिए घंटों इंतजार में रहे परिजन
सदर अस्पताल में कुव्यवस्था का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है. कभी मरीजों को इलाज के लिए इंतजार करना पड़ता है, तो कभी पोस्टमार्टम कराने के लिए, तो कभी शव वाहन के लिए. एंबुलेंस के लिए भी इंतजार अक्सर होता है. सुभाष की मौत के बाद परिजन शव वाहन के लिए घंटों इंतजार में रहे. अस्पताल के पदाधिकारी और डॉक्टर दिलासा देते रहे. ऐसे में कुछ देर के लिए आक्रोश भी दिखा. बुधवार की सुबह बलिकरना गांव के एक व्यक्ति की मौत के बाद पोस्टमार्टम के लिए परिजनों को घंटों इंतजार करना पड़ा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Radheshyam Kushwaha
राधेश्याम कुशवाहा ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से MJ (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म) की शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत भोपाल से प्रकाशित राज एक्सप्रेस समाचार पत्र से की. इसके बाद उन्होंने समय जगत, राजस्थान पत्रिका और हिंदुस्तान जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं. वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म, अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में 13 वर्षों का अनुभव रखने वाले राधेश्याम कुशवाहा को ज्योतिष शास्त्र, पंचांग गणना, ग्रह गोचर, नक्षत्र परिवर्तन, व्रत-त्योहारों की तिथियों तथा शुभ मुहूर्तों का गहन ज्ञान है. अपनी विशेषज्ञता के आधार पर वे धर्म-अध्यात्म और राशिफल से जुड़ी सटीक, तथ्यपरक एवं विश्वसनीय खबरें लिखते हैं. धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन में उनकी विशेष रुचि है. इसके अलावा राजनीति, अपराध और प्रेरणादायक (पॉजिटिव) विषयों पर लेखन में भी उनकी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










