औरंगाबाद के बटाने नदी पर प्रस्तावित लिफ्ट सिंचाई योजना की कवायद तेज, स्थल की मापी शुरू

नदी के पास खड़े ग्रामीण
Aurangabad News : औरंगाबाद के सूखाग्रस्त इलाकों के लिए बटाने नदी पर लिफ्ट सिंचाई योजना की कवायद तेज, प्रस्तावित स्थल की मापी शुरू होने से किसानों में जगी उम्मीद।
Aurangabad News : जिले के सूखाग्रस्त इलाकों में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बटाने नदी पर प्रस्तावित लिफ्ट सिंचाई योजना की कवायद तेज हो गई है. योजना के लिए चिह्नित स्थल की मापी शुरू कर दी गई है. इससे वर्षों से सिंचाई संकट झेल रहे किसानों में नई उम्मीद जगी है. किसानों का मानना है कि योजना के धरातल पर उतरने से सिंचाई की समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा.
किसानों की मांग पर आगे बढ़ी योजना
कुछ दिनों पूर्व ग्राम झखरी में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान किसानों ने परता, बलिया और डुमरी पंचायत में सिंचाई की समस्या प्रमुखता से उठाई थी. किसानों की मांग पर विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह ने बटाने नदी पर लिफ्ट सिंचाई योजना को आगे बढ़ाने का भरोसा दिया था. इसके बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर योजना की संभावनाओं का जायजा लिया.
विभागीय पहल पर शुरू हुई भूमि की मापी
स्थल निरीक्षण के दौरान लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता ने बताया था कि योजना के लिए चिह्नित भूमि की मापी कराई जाएगी. मापी के दौरान यह भी देखा जाएगा कि चिह्नित भूमि बिहार की सीमा में है या उसका कुछ हिस्सा झारखंड क्षेत्र में आता है. इसके लिए अंचल अधिकारी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी मांगा गया है. लघु सिंचाई विभाग द्वारा पत्र जारी किए जाने के महज एक सप्ताह बाद ही स्थल की मापी शुरू कर दी गई. मापी के दौरान संडा मंडल अध्यक्ष विजय सिंह, परता पंचायत अध्यक्ष महेंद्र प्रजापति, रामप्रवेश यादव सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे. अमीन बलेसर यादव और विनय यादव ने स्थल का सर्वेक्षण कर आवश्यक आंकड़े एकत्र किए.
बटाने नदी के पानी से होगी खेतों की सिंचाई
प्रस्तावित योजना के तहत जगदीशपुर के समीप बटाने नदी में जल संचयन की व्यवस्था कर लिफ्ट सिंचाई प्रणाली के माध्यम से पानी को ऊंचे क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा. इससे परता, बलिया और डुमरी पंचायत के किसानों को सिंचाई का लाभ मिलेगा. क्षेत्र के किसान लंबे समय से ऐसी व्यवस्था की मांग कर रहे हैं, क्योंकि वर्षा आधारित खेती के कारण उन्हें हर वर्ष नुकसान उठाना पड़ता है.
योजना को जल्द स्वीकृति मिलने की जताई उम्मीद
स्थल की मापी शुरू होने के बाद किसानों ने खुशी जताई और उम्मीद व्यक्त की कि अब योजना को प्रशासनिक स्वीकृति मिलने का रास्ता आसान होगा. ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह योजना लागू होती है तो क्षेत्र में कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी. किसानों ने विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह और विभागीय अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए योजना को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की.
Also Read : बेगूसराय में दूध लेकर जा रहे युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










