औरंगाबाद के पीडीएस दुकानदारों की बैठक में चार बड़ी मांगें, दुकान पर तौलकर अनाज देने की मांग
बैठक में उपस्थित अध्यक्ष व अन्य
Public Distribution System: औरंगाबाद के फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन ने मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की. बैठक में जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं की दुकान पर तौलकर अनाज उपलब्ध कराने, बकाया मार्जिन मनी का भुगतान करने जैसी 4 मुख्य मांगें उठाई गईं. एसोसिएशन ने विभाग से इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है.
Public Distribution System: फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन, औरंगाबाद की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को जिलाध्यक्ष सह कोऑपरेटिव चेयरमैन संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में उनके आवास परिसर में आयोजित की गयी. बैठक में जनवितरण प्रणाली विक्रेताओं की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. सदस्यों ने कहा कि पीडीएस दुकानदार लंबे समय से कई तरह की व्यावहारिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं. इनके समाधान के लिए विभागीय स्तर पर ठोस पहल की आवश्यकता है.
दुकान पर तौलकर अनाज उपलब्ध कराने की मांग
बैठक में सबसे प्रमुख मांग गोदाम आपूर्ति अभिकर्ता द्वारा जनवितरण प्रणाली विक्रेताओं को उनकी दुकान पर ही अनाज तौलकर उपलब्ध कराने की रही. विक्रेताओं ने कहा कि दुकान तक खाद्यान्न पहुंचाने और सही मात्रा में तौलकर उपलब्ध कराने की व्यवस्था होने से कई तरह की परेशानियां दूर होंगी. साथ ही जनवितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया भी अधिक सुचारु हो सकेगी.
बकाया मार्जिन मनी का एकमुश्त भुगतान हो
एसोसिएशन के सदस्यों ने सभी पीडीएस विक्रेताओं की बकाया मार्जिन मनी का एकमुश्त भुगतान करने की मांग की. विक्रेताओं का कहना है कि लंबे समय से मार्जिन मनी लंबित रहने के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. एसोसिएशन ने विभाग से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की.
जांच के नाम पर परेशान करने का मुद्दा उठा
बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों द्वारा जांच के नाम पर विक्रेताओं को कथित रूप से अनावश्यक परेशान किये जाने का मुद्दा भी उठाया गया. एसोसिएशन ने कहा कि जांच जरूरी है, लेकिन इसकी प्रक्रिया पारदर्शी और निर्धारित नियमों के अनुरूप होनी चाहिए. विक्रेताओं को बिना वजह परेशान नहीं किया जाना चाहिए.
कम आवंटन से वितरण में परेशानी
बैठक में कई पीडीएस दुकानदारों को कम खाद्यान्न आवंटन मिलने के कारण लाभुकों के बीच अनाज वितरण में आ रही परेशानी पर भी चर्चा की गयी. एसोसिएशन ने मांग की कि जिन दुकानदारों को जरूरत के मुकाबले कम आवंटन मिल रहा है, उन्हें आवश्यकतानुसार अतिरिक्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाये, ताकि लाभुकों को समय पर अनाज मिल सके.
एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि पीडीएस व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दुकानदारों की व्यावहारिक समस्याओं का समाधान जरूरी है. इसके लिए विभाग और विक्रेताओं के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए.
बैठक में सचिव सुरेंद्र सिंह, सत्येंद्र शर्मा, ब्रजेश सिंह, चंदन सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें: सारण में अजगर को शरीर पर लपेटकर करतब दिखाने का VIDEO वायरल, वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई; मझनपूरा के चरण सिंह पर नजर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुजीत कुमार सिंह
सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









