औरंगाबाद: अंबा बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान के महज 2 घंटे बाद फिर लगा भीषण जाम, अधिकारी बोले- अब होगी सख्त कार्रवाई
अतिक्रमण हटाए जाने के दो घंटे बाद सड़क जाम का नजारा
Aurangabad News: औरंगाबाद के अंबा बाजार में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के महज दो घंटे बाद ही दोबारा सड़क पर जाम लग गया. दोपहर में हुई प्रशासनिक कार्रवाई के बाद शाम होते ही दुकानदारों और ठेला संचालकों ने फिर से कब्जा जमा लिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोग परेशान रहे.
Aurangabad News: (विश्वनाथ पांडेय ) अंबा बाजार में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के महज दो घंटे बाद ही सड़क पर फिर से जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. दोपहर में प्रशासनिक अधिकारियों और आरसीडी की टीम ने अंबा बाजार के मुख्य चौक से बतरे नदी तक सड़क किनारे लगाए गए अस्थायी दुकानों, ठेलों और अवैध कब्जों को हटाकर यातायात को सुचारु बनाने का प्रयास किया था.
दोबारा सजने लगी दुकानें
कार्रवाई के दौरान सड़क पूरी तरह साफ दिखाई दे रही थी. यहां तक कि लोगों को उम्मीद थी कि अब बाजार क्षेत्र में आवागमन आसान हो जाएगा, लेकिन शाम होते-होते स्थिति फिर बदल गई. कई दुकानदारों और ठेला संचालकों ने दोबारा सड़क किनारे अपना सामान सजाना शुरू कर दिया.
मरीज, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं घंटों फंसे रहे जाम में
बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की भीड़ बढ़ने लगी, जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा घिर गया. इसके अलावा बेतरतीब ढंग से खड़े किए गए दोपहिया और चारपहिया वाहनों ने समस्या को और गंभीर बना दिया. ऐसे में बाजार की मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम में फंसे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कोचिंग-ट्यूशन से वापस लौट रहे छात्र-छात्राएं, कार्यालय से लौट रहे कर्मचारी तथा मरीजों को लेकर जा रहे वाहन भी इस जाम में फंस गए.

नियमित निगरानी नहीं होने पर स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
कई लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि नियमित निगरानी नहीं होगी तो अतिक्रमण हटाने का कोई स्थायी लाभ नहीं मिलेगा. इधर शिवकुमार सिंह, रवींद्र तिवारी, भगवान सोनी आदि स्थानीय लोगों का कहना है कि अंबा बाजार में जाम की समस्या लंबे समय से बनी हुई है. प्रशासन समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तो करता है, लेकिन कुछ दिनों बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है.
अतिक्रमण हटाने के दो घंटे बाद ही अंबा बाजार में सड़क जाम
नागरिकों ने मांग की है कि बाजार क्षेत्र में स्थायी व्यवस्था बनाई जाए, पार्किंग की उचित सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाए. अतिक्रमण हटाने के केवल दो घंटे बाद ही अंबा बाजार में सड़क जाम का दृश्य यह दर्शाता है कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए नियमित निगरानी और जनसहयोग दोनों आवश्यक हैं.
क्या बोले सीओ
अंबा के सीओ चंद्रप्रकाश ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत की गई थी. इसके बावजूद कुछ लोगों ने दोबारा सड़क पर कब्जा जमाने का प्रयास किया है. ऐसे में अब उनके साथ सख्ती से निपटना प्रशासन की मजबूरी होगी और अगली बार नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: औरंगाबाद में राजद का महाधरना, सांसद अभय कुशवाहा ने बढ़ते अपराध और महंगाई पर सरकार को घेरा
Also Read: दाउदनगर में NH-120 पर चला प्रशासन का बुलडोजर, भखरुआं मोड़ से गयाजी रोड तक हटा अतिक्रमण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









