ओबरा पुलिस की बड़ी कामयाबी, 4 साल से लापता बच्चा सकुशल बरामद
Published by : kumarsuryakant Updated At : 20 May 2026 10:29 PM
लापता शिवम चार साल बाद सकुशल बरामद
Aurangabad News: औरंगाबाद के ओबरा थाना क्षेत्र पुलिस ने चार साल से लापता बच्चे शिवम कुमार को सकुशल बरामद कर लिया है. बच्चा 2022 में वट सावित्री पूजा के दौरान लापता हुआ था. जांच में पता चला कि उसे गया जिले से एक महिला के पास पाया गया, जहां उसका पालन-पोषण अलग नाम से किया जा रहा था. पुलिस की इस कार्रवाई की जमकर सराहना हो रही है.
Aurangabad News(ब्रजेश द्विवेदी): औरंगाबाद जिले की ओबरा थाना पुलिस ने एक बार फिर अपनी सतर्कता, संवेदनशीलता और कुशल कार्यशैली का परिचय देते हुए चार वर्ष पूर्व लापता हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर मानवता और पुलिसिंग की मिसाल पेश की है. इस सफलता के बाद जहां पीड़ित परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं पूरे क्षेत्र में ओबरा पुलिस की जमकर सराहना हो रही है.
ओबरा देवी मंदिर परिसर से अचानक हुआ था गायब
जानकारी के अनुसार 30 मई 2022 को वट सावित्री पूजा के अवसर पर ओबरा देवी मंदिर परिसर से शिवम कुमार नामक बच्चा अचानक लापता हो गया था. शिवम अरवल जिले के करपी थाना क्षेत्र के केयाल गांव निवासी अनूप पांडेय का पुत्र है. घटना के समय उसका परिवार ओबरा के इमबाड़ा रोड स्थित कृष्णा पाठक के मकान में किराए पर रह रहा था. पूजा के दौरान बच्चे के अचानक गायब हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया था. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया. इसके बाद ओबरा थाना में कांड संख्या 223/22 दिनांक 30 मई 2022 के तहत धारा 363 आईपीसी के अंतर्गत मामला दर्ज कराया गया था.
डेलहा थाना क्षेत्र में किराए के मकान से सकुशल बरामद किया
मामले को गंभीरता से लेते हुए ओबरा थाना पुलिस लगातार जांच और तकनीकी अनुसंधान में जुटी रही. लंबे प्रयास के बाद पुलिस को बड़ी सफलता तब मिली, जब गया जिले के डेलहा थाना क्षेत्र में रंजू देवी के किराए के मकान से शिवम कुमार को सकुशल बरामद कर लिया गया. बताया जा रहा है कि रंजू देवी पिछले चार वर्षों से शिवम को अपने घर में रखकर उसका नाम बदलकर रौशन के नाम से पालन-पोषण कर रही थी.
पहले भी पुलिस ने एक बच्चे को किया था बरामद
उल्लेखनीय है कि चार दिन पूर्व वट सावित्री पूजा के दौरान ओबरा देवी मंदिर से लापता हुए आद्विक नामक बच्चे को भी पुलिस ने इसी महिला के पास से सकुशल बरामद किया था. लगातार दो बच्चों की बरामदगी ने पुलिस की सक्रियता और सूझबूझ को साबित कर दिया है. वर्तमान में दिल्ली में रह रहे शिवम के माता-पिता को जैसे ही बेटे के सकुशल मिलने की सूचना मिली, वे भावुक हो उठे और तुरंत ओबरा के लिए रवाना हो गए.
लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की
बच्चे की बरामदगी के बाद स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है. इस उल्लेखनीय सफलता के लिए मगध क्षेत्र के आईजी विकास वैभव, औरंगाबाद एसपी अम्बरीष राहुल, दाउदनगर एसडीपीओ अशोक कुमार दास, ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार, अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार तथा एसआई अंकित कुमार सहित पूरी पुलिस टीम की लोग खुलकर सराहना कर रहे हैं.
Also Reada: गैस लेकर आ रहे युवक के साथ मारपीट, तीन पर FIR दर्ज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










