Aurangabad News : 17 मार्च को सदाकत आश्रम में कांग्रेसियों का होगा महासम्मेलन

Aurangabad News:संगठन नेतृत्व पर गंभीर आरोप, प्रदेश अध्यक्ष व प्रभारी को बताया जिम्मेवार
औरंगाबाद ग्रामीण. विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार और संगठन के भीतर उपेक्षा से क्षुब्ध कांग्रेस नेताओं ने अब खुलकर विरोध का रास्ता अख्तियार कर लिया है. 17 मार्च को पटना स्थित सदाकत आश्रम में महासम्मेलन की तैयारी पर सभी का ध्यान केंद्रित है. इस महासम्मेलन को लेकर बिहार भर के असंतुष्ट और निष्ठावान कांग्रेसियों से संपर्क अभियान तेज कर दिया गया है. खगड़िया के पूर्व विधायक छत्रपति यादव व एआइसीसी सदस्य व पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष नागेंद्र पासवान विकल पूरे बिहार में जनसंपर्क कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सम्मेलन में शामिल होने का आह्वान कर रहे हैं. सोमवार को औरंगाबाद परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक छत्रपति यादव ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और बिहार प्रभारी कृष्णा अलावरू पर गंभीर आरोप लगाये. उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी के कारण ही बिहार कांग्रेस कमजोर होती जा रही है और सच्चे, संघर्षशील कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है. पूर्व विधायक ने कहा कि बिहार कांग्रेस इस समय गंभीर संक्रमणकाल से गुजर रही है. राहुल गांधी के निरंतर प्रयासों के बावजूद बिहार में कांग्रेस अपने सबसे निचले पायदान पर पहुंच गयी है, लेकिन इसके लिए जिम्मेदार लोग आज भी संगठन के शीर्ष पदों पर बने हुए हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी को बदला नहीं जायेगा, तब तक बिहार में कांग्रेस की स्थिति में सुधार संभव नहीं है. महासम्मेलन का उद्देश्य पार्टी के पुराने, निष्ठावान व संघर्षशील कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट कर संगठन को फिर से मजबूत करना बताया गया. उन्होंने जानकारी दी कि सम्मेलन की तैयारी को लेकर सात फरवरी से ही जिले-जिले में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है. एआइसीसी सदस्य व पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष नागेंद्र पासवान विकल ने कहा कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में जिस तरह की गड़बड़ियां हुईं, वह किसी से छिपी नहीं हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश अध्यक्ष न तो प्रत्याशियों के साथ चुनाव मैदान में नजर आये और न ही संगठनात्मक जिम्मेदारियों का समुचित निर्वहन किया. उन्होंने कहा कि पार्टी को कमजोर करने की साजिश चल रही है, जिसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जायेगा. प्रेस वार्ता में पार्टी नेता धीरेंद्र सिंह, संजीव कुमार सिंह, इरशाद करीम, इरफान उल हक, अजय कुमार सिंह, शाहनवाज रहमान उर्फ सल्लू खान, मनोज कुमार सिंह, दिलीप कुमार सिंह, फैयाज अहमद, अंबिका पासवान, बारुण प्रखंड अध्यक्ष देवंती देवी, संजय राम आदि उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




