औरंगाबाद में पकड़े गए ओडिशा के हत्यारे, पुलिस ने तीन को दबोचा
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 15 May 2026 5:09 PM
जब्त स्कॉर्पियो
Aurangabad News: ओडिशा के रायगड़ा में अपहरण और हत्या की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे तीन शातिर अपराधियों को औरंगाबाद की मदनपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने एनएच-19 पर वाहन जांच के दौरान इन्हें घेरा. पकड़े गए अपराधी स्कॉर्पियो से उत्तर प्रदेश भागने की कोशिश कर रहे थे. ओडिशा पुलिस मदनपुर पहुँच चुकी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
Aurangabad News(सुजीत कुमार सिंह): बिहार के औरंगाबाद जिले की मदनपुर थाना पुलिस ने एनएच-19 पर सघन वाहन जांच अभियान के दौरान एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने ओडिशा राज्य में अपहरण के बाद हत्या की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर भाग रहे तीन अंतरराज्यीय अपराधियों को धर दबोचा है. अपराधियों के पास से घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्कॉर्पियो भी जब्त की गई है.
चेकिंग के दौरान पकड़े गए शातिर हत्यारे
मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में एनएच-19 पर वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही थी. इसी दौरान एक काले रंग की संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोका गया. वाहन में सवार युवकों से जब पूछताछ की गई, तो वे पुलिस को गुमराह करने लगे. कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों ने ओडिशा के रायगड़ा जिले में एक व्यक्ति का अपहरण कर उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की.
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान
पकड़े गए अपराधी ओडिशा के रायगड़ा जिले के रहने वाले हैं. पहले का नाम उमेश हयाल, पिता – फोडमा हयाल दूसरे का नाम विल्सन शामली, पिता – कूपा सिंधु शामली वहीं तीसरे का नाम अक्षय संबल पिता – गंगाधर संबल है.
ओडिशा से यूपी भागने की थी फिराक
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये तीनों अपराधी रायगड़ा जिले के एक सक्रिय गैंग के सदस्य हैं, जिसमें दर्जनभर से अधिक अपराधी शामिल हैं. ओडिशा में हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद ये अपराधी पुलिस से बचने के लिए बिहार के रास्ते उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में थे. मदनपुर पुलिस को इसकी गुप्त सूचना मिली थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की गई.
रायगड़ा पुलिस पहुँची मदनपुर
मदनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी ओडिशा के कई थानों में वांछित हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए रायगड़ा पुलिस को तत्काल सूचित किया गया था. शुक्रवार को ओडिशा पुलिस की टीम मदनपुर थाना पहुँची और अपराधियों को रिमांड पर लेने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है. फिलहाल स्थानीय पुलिस अपराधियों के पुराने रिकॉर्ड और उनके गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
Read more: औरंगाबाद के दाउदनगर बालिका इंटर विद्यालय के कायाकल्प की तैयारी, 90 लाख की योजनाओं को मंजूरी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










