Aurangabad News : सड़क पर खड़े जब्त ट्रकों से बढ़ा खतरा, विधायक की पहल पर हटाये गये

Aurangabad News: सड़क के बीचों-बीच खड़े इन भारी वाहनों के कारण न केवल यातायात बाधित हो रहा था
दाउदनगर. दाउदनगर के शहीद प्रमोद सिंह चौक के समीप मुख्य सड़क पर लंबे समय से खड़े जब्त ट्रकों ने स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर दी है. सड़क के बीचों-बीच खड़े इन भारी वाहनों के कारण न केवल यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि किसी भी समय गंभीर हादसे की आशंका भी बनी हुई थी. स्थानीय लोगों द्वारा लगातार शिकायत करने के बाद क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रकाश चंद्र ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू करायी. जानकारी के अनुसार, जब्त कई ट्रक सड़क किनारे व्यवस्थित तरीके से नहीं खड़े थे, बल्कि मुख्य मार्ग पर ही कब्जा जमाये थे. इससे आने-जाने वाले राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने पहल की और क्रेन मंगवाकर ट्रकों को हटाने की प्रक्रिया शुरू करायी. उनकी पहल पर कुछ ट्रकों को सड़क से हटाकर किनारे लगाया गया, जिससे आवागमन आंशिक रूप से सुचारू हो सका. हालांकि, कई ट्रकों को हटाने में तकनीकी बाधाएं भी सामने आयीं. कुछ वाहन भारी लोड से भरे होने के कारण हिलाना मुश्किल हो गया, जबकि कुछ ट्रक बैटरी खत्म होने और जीपीएस लॉक जैसी समस्याओं के कारण स्टार्ट नहीं हो पाये. विधायक ने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश भी दिया. उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, तेज रफ्तार से बचने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की. लोगों का कहना है कि थाना द्वारा जब्त वाहनों को शहीद प्रमोद सिंह चौक के पास ही लगा दिया जाता है. परिवहन विभाग, वाणिज्य कर विभाग और खनन विभाग द्वारा भी जांच के दौरान पकड़ी गई गाड़ियों को यहीं खड़ा कर दिया जाता है. थाना परिसर में जगह की कमी का हवाला देकर सड़क को ही पार्किंग स्थल बना दिया जाना उचित नहीं है. सड़क पर पहले से खड़े इन भारी-भरकम वाहनों के बीच से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जब्त वाहनों के लिए अलग से सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था की जाए, ताकि सड़क पर आवागमन सामान्य हो सके और दुर्घटनाओं की आशंका खत्म की जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










