Aurangabad News : पुरानी रंजिश में पूर्व मुखिया के भाई पर जानलेवा हमला

Aurangabad News: जसोईया गांव के समीप सोमवार की शाम हुई घटना, वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा इलाज
औरंगाबाद कार्यालय. माली थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया. जसोईया गांव के समीप सोमवार की शाम पूर्व मुखिया के भाई पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया, जिसमें उसकी गर्दन लगभग 40 प्रतिशत तक कट गया, जबकि कान भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. जख्मी की पहचान चरण गांव निवासी 45 वर्षीय संतोष कुमार चौधरी उर्फ मुटर के रूप में हुई है. संतोष ताड़ी लाने जसोईया बाजार गया था. लौटने के दौरान पहले से घात लगाये बैठे पड़ोसी रामप्यारे चौधरी ने अचानक उस पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया. ताबड़तोड़ वार से संतोष लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा. काफी देर तक वह वहीं तड़पता रहा. बाद में राहगीरों की नजर पड़ने पर परिजनों को सूचना दी गयी. आनन-फानन में परिजन उसे डेहरी के एक अस्पताल ले गये, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने रेफर कर दिया. फिलहाल उसका इलाज वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है और हालत नाजुक बनी हुई है. घायल के भाई व पूर्व मुखिया संजय चौधरी ने बताया कि आरोपित के साथ जमीन विवाद को लेकर पुरानी रंजिश थी. हालांकि, पहले समझौता हो चुका था, लेकिन आरोपित ने दुश्मनी निकालते हुए इस वारदात को अंजाम दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि संतोष ने हमलावर से जान बख्शने की गुहार लगाई, लेकिन उसने हमला जारी रखा. घटना के बाद घायल के पिता राजेंद्र चौधरी ने माली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










