Aurangabad News : ओडिशा के सुंदरगढ़ में औरंगाबाद के पांच शातिर गिरफ्तार

Aurangabad News: बाबा के वेश में कर रहे थे ठगी, सोने के जेवरात सहित कई सामान बरामद, गिरोह में नवीनगर के चार और कुटुंबा का एक व्यक्ति शामिल
औररंगाबाद नगर. औरंगाबाद जिले के पांच शातिर ओडिसा के सुंदरगढ़ में गिरफ्तार किये गये है. ये सभी बाबा के वेश में ठगी की घटना का अंजाम देकर भाग रहे थे. सुंदरगढ़ सदर थाने की पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया है. उक्त इलाके के एक महिला से जेवरात सहित कुछ अन्य सामानों की ठगी कर फरार हो गये थे. झारसुगुड़ा में ट्रेन पकड़कर भागने की तैयारी थी, तभी पुलिस की टीम पहुंची और सभी को गिरफ्तार कर लिया. इनके पास से ठगी के सोने का जेवरात व पैसे बरामद किये गये है. सुंदरगढ़ सदर थाना की थानाध्यक्ष सौदामिनी नाग ने बताया कि एक महिला से बाबाओं ने ठगी कर लिया. उसके पास रहे सोने के जेवरात ठगकर फरार हो गये. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया. उनके पास से ठगी का सोना बरामद हुआ है. इसके अलावे रूद्राक्ष, जेम्स, ब्रॉंज आदि मिले है. वे सभी बाबा (ज्योतिष) के वेश में थे और ठगी कर रहे थे. पकड़े गये लोगों में 44 वर्षीय गुगु पंडा, 31 वर्षीय दुलार पंडा, 20 वर्षीय धानु पंडा, डॉक्टर पंडा और 28 वर्षीय विशाल पंडा शामिल है. विशाल पंडा कुटुंबा थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि अन्य चारों नवीनगर के रहने वाले हैं. इन सभी के खिलाफ सुंदरगढ़ सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गये लोगों के खिलाफ आपराधिक मामले की पड़ताल की जा रही है. उड़ीसा सहित बिहार के नवीनगर व कुटुंबा थानाें से भी आपराधिक मामलों की जांच करायी जा रही है.
पहुंचे हुए बाबा बताकर बनाते थे शिकार
पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपित खुद को पहुंचे हुए सिद्ध बाबा, तांत्रिक या चमत्कारी साधु बताकर गांव-गांव घूमते थे. वे खास तौर पर उन परिवारों को निशाना बनाते थे जो बीमारी, आर्थिक संकट या पारिवारिक समस्या से जूझ रहे होते थे. वे बड़ी चालाकी से लोगों का विश्वास जीतते और फिर समाधान के नाम पर विशेष पूजा, हवन या अनुष्ठान कराने की बात करते थे. इसी बहाने वे लोगों से सोने-चांदी के जेवरात और नकद रुपये ले लेते थे. ठगी की वारदात को अंजाम देने के बाद ये सभी आरोपित मौके से फरार हो जाते थे, जिससे पीड़ितों को काफी नुकसान उठाना पड़ता था. लगातार मिल रही शिकायतों के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आयी और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गयी. गुप्त सूचना पर छापेमारी कर पुलिस ने सभी पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से जेवरात, नकदी और बाबा के वेश में इस्तेमाल होने वाले कपड़े व अन्य सामान बरामद किये हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपितों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगा है. साथ ही, गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की भी तलाश की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




