Aurangabad News : पेट्रोल पंपों पर मारामारी, सीएनजी स्टेशनों पर लंबी कतारें

Aurangabad News: पैनिक बाइंग से बढ़ी समस्या, आंशिक सप्लाई कटौती का असर
औरंगाबाद कार्यालय. पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बीच तेल आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता और कमी की अफवाहों ने औरंगाबाद में पेट्रोल-डीजल को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है. जिले के कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म होने की स्थिति बन गयी, जबकि कुछ पंपों पर आपूर्ति जारी है. हालात ऐसे हैं कि जहां तेल उपलब्ध है, वहां वाहन चालकों की लंबी कतार देखी जा रही हैं. वहीं सीएनजी पंपों पर भी भारी भीड़ उमड़ रही है. जानकारों के अनुसार, वास्तविक कमी से अधिक समस्या घबराहट में जरूरत से ज्यादा खरीदारी यानी पैनिक बाइंग के कारण पैदा हुई है. जैसे ही लोगों के बीच तेल संकट की चर्चा फैली, बड़ी संख्या में वाहन मालिक सामान्य जरूरत से अधिक ईंधन भरवाने पंपों पर पहुंचने लगे. इसका नतीजा यह हुआ कि कई पंपों पर स्थानीय स्टॉक अपेक्षा से पहले ही समाप्त हो गया. सूत्रों के मुताबिक पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई चेन पर दबाव पड़ा है. डिपो से होने वाली नियमित आपूर्ति में आंशिक कमी की बात सामने आयी है. हालांकि, इसे पूर्ण संकट नहीं माना जा रहा, लेकिन सीमित सप्लाई और बढ़ी मांग ने स्थानीय स्तर पर परेशानी जरूर बढ़ा दी है.
कैश एडवांस नियम से डीलर भी परेशान
बताया जा रहा है कि तेल कंपनियों द्वारा डीलरों के लिए कैश एंड कैरी यानी अग्रिम भुगतान के नियम को सख्ती से लागू किये जाने से भी कुछ पेट्रोल पंपों पर अचानक स्टॉक खत्म हुआ है. कई डीलरों को समय पर भुगतान और आपूर्ति समन्वय में परेशानी आयी, जिससे खुदरा स्तर पर असर दिखा.
लगन के मौसम से बढ़ी भीड़
शादी-विवाह के मौजूदा लगन ने स्थिति को और जटिल बना दिया है. बारात, निजी वाहनों और मालवाहक वाहनों की आवाजाही बढ़ने से ईंधन की मांग सामान्य दिनों की तुलना में अधिक हो गयी है. यही वजह है कि सीएनजी पंपों पर भी असामान्य भीड़ और लंबी लाइनें देखने को मिल रही हैं.सीएनजी पंपों पर घंटों इंतजार
पेट्रोल की उपलब्धता कम होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में वाहन चालक सीएनजी स्टेशनों की ओर रुख कर रहे हैं. शहर के सीएनजी पंपों पर सुबह से देर रात तक वाहनों की कतार लगी रही. कई लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा. इससे ट्रैफिक दबाव भी बढ़ा और आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी.प्रशासन और डीलरों की अपील
पेट्रोल पंप संचालकों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जरूरत के अनुसार ही ईंधन लेने की अपील की है. उनका कहना है कि स्थिति नियंत्रण से बाहर नहीं है और आपूर्ति सामान्य करने के प्रयास जारी हैं. प्रशासन भी हालात पर नजर बनाये हुए है तथा जमाखोरी या कृत्रिम संकट फैलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है.तेल कंपनिया कर रही कटौती
सूत्रों के अनुसार तेल कंपनियों की ओर से पेट्रोल पंपों को होने वाले आवंटन में कटौती की जा रही है, जिससे कई इलाकों में ईंधन की किल्लत महसूस होने लगी है. पहले जिन पंपों को नियमित और पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध होता था, अब उतनी आपूर्ति नहीं हो पा रही है. दो पेट्रोल पंप संचालकों ने बताया कि पहले उधार या क्रेडिट पर भी तेल मिल जाता था, लेकिन अब अग्रिम भुगतान या जमा राशि के बाद ही आवंटन किया जा रहा है. इसके साथ ही 15 से 20 प्रतिशत तक आपूर्ति में कटौती की जा रही है, जिससे पंप संचालकों पर दबाव बढ़ गया है. उनका कहना है कि मांग के मुकाबले आपूर्ति कम होने से कई बार स्टॉक जल्दी खत्म हो जा रहा है और उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है. पंप संचालकों ने माना कि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में संकट और गहरा सकता है.क्या कहा अधिकारी ने
जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्वेतांक लाल ने कहा कि पेट्रोल पंपों पर तेल की कमी नहीं है. नियमित आपूर्ति हो रही है. तेल कंपनियां तमाम पंपों को आवंटन दे रही है. किसी तरह की अफवाह में लोगों को पड़ने की जरूरत नहीं है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




